बिहार

बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज आखिरी दिन, आज का दिन होगा जीविका दीदियों के नाम!

आज बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का पांचवां और आखिरी दिन है। आज का दिन जीविका दीदी के नाम रहने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि NDA की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली जीविका दीदी पर ही ग्रामीण विकास मंत्री का भाषण केंद्रित रहेगा।

Image

बिहार विधानसभा

हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA को प्रचंड बहुमत मिला। सरकार बनने के बाद बिहार विधानसभा का पहला सत्र (शीतकालीन सत्र) चल रहा है, जिसका आज पांचवां और आखिरी दिन है। ग्रामीण विकास मंत्री आज बिहार के मूल बजट की जानकारी देंगे। मंत्री श्रवण कुमार दोपहर के भोजन के बाद ग्रामीण विकास विभाग के बजट 2025-26 पर विस्तार से जानकारी देंगे।

माना जा रहा है कि बिहार में NDA की प्रचंड जीत के लिए जिम्मेदार जीविका दीदी पर ही ग्रामीण विकास मंत्री का भाषण केंद्रित रहेगा। जीविका समूह को दी जा रही सुविधाओं पर वह विस्तार से अपनी बात रख सकते हैं। इसमें जीविका की शुरुआत, समूह के कामकाज, बैंक लोन वापसी, बिहार के विकास में जीविका दीदी के काम-काज आदि पर बात होगी।

बिहार में नीतीश कुमार सरकार ने जीविका के जरिए कितने ही परिवारों के भरण-पोषण की व्यवस्था की है। इसका आंकड़ा भी आज सदन में पेश किया जाएगा। आज के सत्र में बिहार सरकार के सेकेंड सप्लीमेंट्री बजट को पारित किया जाएगा।

बात करें शीतकालीन सत्र के चौथे दिन कल यानी गुरुवार 5 दिसंबर की तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदन में पीएम मोदी को नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने मौजूद सभी सदस्यों को भी पीएम मोदी का नमन करने को कहा। हालांकि, सदन में बुलडोजर और दलित विकास का मुद्दा भी छाया रहा।

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी विधान परिषद में पटना विश्वविद्यालय के वित्तीय वर्ष 2023-24 की वार्षिक रिपोर्ट पेश करेंगे। उधर जल संसाधन मंत्री राज्य में बांधों की सुरक्षा के संबंध में जानकारी देंगे। बांध सुरक्षा संगठन की 2024-25 वित्तीय वर्ष की रिपोर्ट भी पेश करेंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article