भोपाल में भी हाथरस जैसा कांड, मां करती रही इंतजार, शव को श्मशान ले गई पुलिस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 23, 2021, 02:51 PM IST

मध्य प्रदेश के भोपाल में हाथरस जैसा कांड हुआ है। यहां यौन शोषण की शिकार पीड़िता के शव को पुलिस सीधे श्मशान घाट ले गई और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। कांग्रेस सरकार पर हमलावर बनी हुई है।

भोपाल में भी हाथरस जैसा कांड, मां करती रही इंतजार, शव को श्मशान ले गई पुलिस

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के हाथरस में पिछले साल रेप पीड़िता के शव को पुलिस ने आधी रात में परिवार की गैरमौजूदगी में ही जला दिया था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था, इसे काफी अमानवीय बताया गया था। अब ऐसा ही कुछ मध्य प्रदेश में हुआ है। दरअसल, भोपाल में प्यारे मियां यौन शोषण की शिकार के शव को पुलिस सीधे श्मशाम ले गई। नाबालिग की ज्यादा मात्रा में नींद की गोलियां खाने के बाद बुधवार को मौत हो गई थी। 

पुलिस बच्ची के शव को हमीदिया से सीधे श्मशान ले गई, जबकि मां घर पर बेटी का इंतजार कर रही थी। मृतका के पिता और चाचा ने शव को घर ले जाने की जिद भी की। श्मशान घाट पर पुलिस ने पूरी व्यवस्था कर रखी थी। रिश्तेदार कहते रहे कि इतनी भी क्या जल्दी है, लेकिन पुलिस नहीं मानी। पुलिस को डर था कि शव को घर ले जाने से माहौल खराब हो सकता है। बाद में क्राइम ब्रांच की एक टीम पीड़िता के घर पहुंची और वहां से मृतका की मां और कुछ महिलाओं को गाड़ी में बैठाकर विश्राम घाट ले आई। 

मां का दर्द

दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार, मां ने कहा, 'मेरी बेटी की क्या गलती थी, जो पुलिस व प्रशासन ने उसके साथ अपराधी जैसा व्यवहार किया। बेटी अस्पताल में तड़पती रही तो भी हमें उससे नहीं मिलने दिया। हम उसकी शादी के सपने संजो पहे थे और हमारे सपने ही उजड़ गए। बेटी को वैदिक रीति-रिवाज के साथ हम विदा नहीं कर पाए।'

वहीं डीआईजी ने पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि पुलिस का रवैया हाथरस जैसा नहीं था। यहां सभी की सहमति ली गई थी। परिजनों को श्मशान तक लाने के लिए बस की व्यवस्था की गई थी। कानून व्यवस्था को देखते हुए ऐसा किया गया। 

कांग्रेस हुई हमलावर

कांग्रेस इसके बाद हमलावर बनी हुई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, 'मध्यप्रदेश में हाथरस जैसी अमानवीयता, पुलिस शव सीधे श्मशान ले गई, अंतिम संस्कार किया; भोपाल में यौन शोषण की शिकार नाबालिग के शव को अस्पताल से सीधे श्मशान ले जाकर हाथरस की तरह अंतिम संस्कार कर दिया गया। शिवराज जी, इस बेटी का अंतिम संस्कार भी बलात्कार ही था। “शवराज चरम पर है”।' राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि हाथरस जैसी अमानवीयता कितनी बार दोहरायी जाएगी? भाजपा सरकार महिला सुरक्षा में तो फ़ेल है ही, पीड़िताओं और उनके परिवार से मानवीय व्यवहार करने में असमर्थ भी है। कांग्रेस ने एक और ट्वीट कर कहा, 'रेप पीड़िता के परिजन कमलनाथ जी से मिले: हाथरस की तर्ज़ पर पुलिस द्वारा भोपाल रेप पीड़िता का शव अस्पताल से सीधे श्मशान ले जाकर अंतिम संस्कार करने के बाद आज रेप पीड़िता के परिजन कमलनाथ जी मिले। कमलनाथ जी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।' 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!