Madhya Pradesh: आनंदीबेन पटेल ने ली मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ, आज होगा शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 2, 2020, 12:08 AM IST

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली। वह मध्य प्रदेश की प्रभारी राज्यपाल होंगी। अब गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।

Madhya Pradesh: आनंदीबेन पटेल ने ली मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ, आज होगा शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि वह अगले दिन बृहस्पतिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हो रहे कई दिन से हो रहे मंथन पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में चौहान ने यहां मीडिया से कहा, 'मंथन से अमृत ही निकलता है। विष तो शिव पी जाते हैं। आज महामहिम राज्यपाल (आनंदीबेन पटेल) शपथ ग्रहण करेंगी। कल (बृहस्पतिवार को) मंत्रिमंडल शपथ ले लेगा।'

आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल ने आनंदीबेन को यहां राजभवन में शाम साढ़े चार बजे आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल के पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश के कुछ राजनीतिज्ञ एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। आनंदीबेन पटेल को 28 जून को मध्यप्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह बुधवार दोपहर भोपाल पहुंची। 

मालूम हो कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और टंडन की अनुपस्थिति के दौरान आनंदीबेन को मध्य प्रदेश के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करेंगी। आनंदीबेन पहले भी मध्य प्रदेश की राज्यपाल रह चुकी हैं। वह उत्तर प्रदेश की राज्यपाल बनने से पहले 23 जनवरी 2018 से 28 जुलाई 2019 तक मध्य प्रदेश की राज्यपाल रहीं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!