Bhopal Rape Case: भोपाल में नाबालिग ने रेप करने वाले को सिखाया ऐसा सबक, हर कोई कर रहा तारीफ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 11, 2022, 12:42 PM IST

Bhopal Rape Case: एक रेप पीड़िता ने वारदात के बाद हिम्मत नहीं हारी व अपने मकान के गेट को बाहर से बंद कर दिया। जिसके चलते आरोपी मौके पर ही पकड़ा गया। इसके बाद आसपास के लोगों ने आरोपी को बाहर निकाला व जमकर धुनाई की। घटना की सूचना मिलने पर कोलार पुलिस मौके पर आई व आरोपी को गिरफ्तार कर ले गई।

Bhopal Rape Case: भोपाल में नाबालिग ने रेप करने वाले को सिखाया ऐसा सबक, हर कोई कर रहा तारीफ
Photo Credit: Representative Image

Bhopal Rape Case: राजधानी भोपाल में एक नाबालिग बेटी ने साहस की नजीर पेश की है। अपनी अस्मत तो खो दी, पर जज्बा जारी रखा। रेप होने के बाद भी हिम्मत दिखाते हुए पीड़िता ने आरोपी को सलाखों के पीछे भिजवा कर ही दम लिया। दरअसल मामला भोपाल के कोलार इलाके का है। जहां नौवीं कक्षा की छात्रा से एक मजदूर ने रेप की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद छात्रा मुश्किल से आरोपी के चंगुल से छुड़कर बाहर आई।

वारदात के बाद छात्रा ने हिम्मत नहीं हारी व अपने मकान के गेट को बाहर से बंद कर दिया। जिसके चलते आरोपी मौके पर ही पकड़ा गया। इसके बाद आसपास के लोगों ने आरोपी को बाहर निकाला व जमकर धुनाई की। घटना की सूचना मिलने पर कोलार पुलिस मौके पर आई व आरोपी को गिरफ्तार कर ले गई। राजधानी में नाबालिग छात्रा के हौसले की अब हर कोई तारीफ कर रहा है। 

ये है मामला 

पुलिस के मुताबिक भोपाल के कजलीखेड़ा कोलार रोड निवासी मजदूर परिवार की नाबालिग छात्रा नौवीं कक्षा में पढ़ती है। माता-पिता सुबह मजदूरी पर निकल जाते हैं। छात्रा घर पर अकेली थी। इस बीच पड़ोस के घर में काम पर आए एक मजदूर ने नाबालिग को अकेली देखकर उसके घर में घुस गया। आरोपी ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी, इसके बाद उसके साथ बलात्कार किया।

बेटी के जज्बे को सलाम 

बलात्कार की शिकार होने के बाद भी छात्रा ने अपनी हिम्मत नहीं खोई। पीड़िता आरोपी के शिकजें से जैसे-तैसे कर छूट कर घर से बाहर आ गई। बाद में अपनी समझ दिखाते हुए घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। जिसके चलते आरोपी घर के अंदर बंद हो गया।  बाद में उसने पड़ोस के लोगों को वारदात के बारे में बताया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई की। पुलिस के मुताबिक आरोपी दो बच्चों का पिता है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!