प्रियंका सिंह को मिला IBFA का बेस्ट प्लेबैक सिंगर अवार्ड, बोलीं-ऐसे सम्मान से बढ़ता है हौसला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 18, 2019, 06:55 PM IST

Bhojpuri Singer Priyanka Singh : प्रियंका ने कहा कि 2020 में वह कुछ बड़ा करने वाली हैं लेकिन अभी उसके बारे में कुछ कहना नहीं चाहतीं। उन्होंने कहा कि वह संगीत में कई सारी चीजों पर काम कर रही हैं।

प्रियंका सिंह को मिला IBFA का बेस्ट प्लेबैक सिंगर अवार्ड, बोलीं-ऐसे सम्मान से बढ़ता है हौसला

नई दिल्ली : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर प्लेबैक सिंगर प्रियंका सिंह ने एक और कामयाबी हासिल की है। सिंगापुर में आयोजित आईबीएफए कार्यक्रम में प्रियंका को साल 2019 के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवार्ड मिला है। यही नहीं, प्रियंका को हाल ही में भोजपुरी फिल्म अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। प्रियंका की गिनती भोजपुरी के टॉप गायिकाओं में होती हैं और इनके गाए बहुत सारे गीत सुपर हिट हुए हैं। 

प्रियंका को यह अवॉर्ड फिल्म 'बलम जी आई लव यू' के लिए मिला है। भोजपुरी फिल्मों के लिए करीब 1000 गीत गा चुकीं प्रियंका यह सम्मान मिलने पर काफी खुश हैं। उन्होंने टाइम्स नाउ हिंदी से खास बातचीत में बताया कि वह सिंगापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में शरीक नहीं हुई थीं लेकिन दर्शकों के प्यार के चलते उन्हें यह पुरस्कार मिला।  

प्रियंका मानती हैं कि इस प्रतिष्ठित अवार्ड ने उनके जज्बे एवं हौसले को बढ़ाया है। उन्होंने कहा, 'मेहनत का फल मिलता है तो खुशी होती है। इससे बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है और जिम्मेदारी बढ़ जाती है।' नामचीन गायिका ने कहा कि इस अवॉर्ड का श्रेय वह गीतकारों, संगीतकारों और उनके गानों पर परफॉर्म करने वाले कलाकारों को देना चाहेंगी। उन्होंने कहा कि यह एक टीम वर्क है और इस सफलता का हकदार वह जनता भी है जो उनके गानों को पसंद करती है।

Priyanka Singh Bhojpuri Singer

प्रियंका ने कहा कि 2020 में वह कुछ बड़ा करने वाली हैं लेकिन अभी उसके बारे में कुछ कहना नहीं चाहतीं। उन्होंने कहा कि वह संगीत में कई सारी चीजों पर काम कर रही हैं। उनके पास हिंदी गानों के भी प्रस्ताव हैं। बता दें कि प्रियंका अपने चैनल के जरिए भोजपुरी के अलावा हिंदी गानों को भी प्रमोट करती हैं। हाल के समय में उन्होंने अरिजीत सिंह के गाने का कवर वर्जन गाया है जिसे काफी सराहा गया। इसके अलावा वह क्लासिकल भक्ति गीतों को अपने अंदाज में गा चुकी हैं। 

गौरतलब है 'छलकता हमरो जवनिया ए राजा', 'सरसों के सगिया', 'मरद अभी बच्चा बा', 'पाला में लगाके किल्ली' जैसे गानों को प्रियंका ने अपनी आवाज दी है और इन गानों को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!