Yamaha अपने ग्राहकों के लिए 27 अगस्त को अपनी नई YZF-R2 स्पोर्ट्स बाइक लॉन्च कर सकती है। कंपनी ने हाल ही में मीडिया इनवाइट जारी कर इस बाइक के लॉन्च का संकेत दिया है। यह पूरी तरह फेयर्ड (Fully-Faired) बाइक होगी, जिसे कंपनी अपनी लोकप्रिय Yamaha R15 से ऊपर पोजिशन करेगी। खास कर ऐसे ग्राहक जो R15 का इस्तेमाल कर रहे थे उन्हें इस नई बाइक का लंबे समय से बेसब्री से इंतजार था। अब Yamaha R2 के आने से यह इंतजार खत्म होने वाला है।
Yamaha R2 क्यों है खास?
Yamaha की भारतीय लाइनअप में लंबे समय से R15 और बड़े इंजन वाली बाइक्स के बीच एक बड़ा अंतर था। Yamaha R3 के बंद होने के बाद R15 मालिकों के पास उसी ब्रांड में अपग्रेड का कोई विकल्प नहीं बचा था। ऐसे में उन्हें KTM या Hero जैसे दूसरे ब्रांड की ओर रुख करना पड़ता था। नई Yamaha R2 इसी कमी को पूरा करेगी। यह उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प होगी जो स्पोर्टी लुक, दमदार परफॉर्मेंस और Yamaha की विश्वसनीयता के साथ बड़ी बाइक खरीदना चाहते हैं।
मिलेगा नया और ज्यादा दमदार इंजन
रिपोर्ट्स की मानें तो Yamaha R2 में करीब 200cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया जा सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी इंजन की आधिकारिक क्षमता और पावर आउटपुट का खुलासा नहीं किया है। फिलहाल Yamaha R15 में 155cc इंजन मिलता है, जो 18.4 हॉर्सपावर और 14.2 Nm का टॉर्क पैदा करता है। उम्मीद की जा रही है कि R2 का बड़ा इंजन इससे अधिक पावर और टॉर्क देगा, जिससे हाईवे और स्पोर्ट्स राइडिंग का एक्सपीरियंस बेहतर होगा।
R15, MT-15 और XSR155 होंगे जारी
Yamaha ने साफ किया है कि R2 किसी मौजूदा मॉडल की जगह नहीं लेगी। यानी R15, MT-15 और XSR155 की बिक्री पहले की तरह जारी रहेगी। R2 सिर्फ कंपनी की लाइनअप में एक नया विकल्प जोड़ने का काम करेगी। इससे मौजूदा Yamaha ग्राहकों को भविष्य में उसी ब्रांड के भीतर अपग्रेड करने का मौका मिलेगा।
किन बाइक्स से होगा मुकाबला?
नई Yamaha R2 का सीधा मुकाबला भारतीय बाजार में मौजूद Hero Karizma XMR 210 और KTM RC 200 जैसी स्पोर्ट्स बाइक्स से होगा। इन दोनों मॉडलों की अपने-अपने सेगमेंट में अच्छी पकड़ है और Yamaha R2 इनके लिए एक मजबूत चुनौती बन सकती है। कंपनी इस बाइक को अपने चेन्नई स्थित अपने प्लांट में डिजाइन, डेवलप और मैन्युफैक्चर करेगी। यही नहीं, भारत में उत्पादन के बाद इसे कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात किया जाएगा।
