ऑटो न्यूज़

Uber ने लॉन्च किए 4 बड़े ही काम के फीचर्स, राइड बनेगी पहले से कहीं ज्यादा सेफ

Uber के अनुसार, ये नए टूल्स इमरजेंसी रिस्पॉन्स को मजबूत करने के लिए बनाए गए हैं। इसके अलावा, इन्हें ड्राइवर का ध्यान भटकने से रोकने और यूजर्स को ट्रिप वेरिफिकेशन पर ज्यादा कंट्रोल देने के लिए भी शामिल किया गया है।

Image

नए फीचर्स ज्यादातर सेफ्टी को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। (फोटो क्रेडिट-iStock)

अगर आप कहीं आने-जाने के लिए Uber Cab की सुविधा लेते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। Uber ने भारत में अपने करोड़ों यूजर्स की सेफ्टी और सहूलियत के लिए कुछ नए धमाकेदार फीचर्स का ऐलान किया है। इन लिस्ट में 'अपना PIN सेट करें', 'एम्बुलेंस सहायता', 'ड्राइविंग के समय टाइप न करें' और 'मेरी राइड रिकॉर्ड करें' जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी ने हर फीचर को ड्राइवर और राइडर, दोनों की सुरक्षा को बेहतर बनाने के मकसद से लॉन्च किया गया है।

Uber ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में इन फीचर्स का ऐलान किया। Uber के अनुसार, ये नए टूल्स इमरजेंसी रिस्पॉन्स को मजबूत करने के लिए बनाए गए हैं। इसके अलावा, इन्हें ड्राइवर का ध्यान भटकने से रोकने और यूजर्स को ट्रिप वेरिफिकेशन पर ज्यादा कंट्रोल देने के लिए भी शामिल किया गया है। ये फीचर मौजूदा सुरक्षा फीचर्स जैसे 'महिला राइडर प्राथमिकता', 'ऑडियो रिकॉर्डिंग', 'राइड चेक' और 'हेलमेट सेल्फी वेरिफिकेशन' को और बेहतर बनाने में मदद करेंगे।

Record My Ride features

नए फीचर्स में सबसे खास फीचर 'रिकॉर्ड माय राइड' है। इस फीचर की मदद से अगर राइड के दौरान ड्राइवर खुद को असुरक्षित महसूस करता है, तो वह Uber ऐप के जरिए अपने फोन से कैब के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है। Uber का कहना है कि इस तरह की सुविधा देने वाली वह इंडस्ट्री की पहली कंपनी है। रिकॉर्ड किए गए सभी वीडियो पूरी तरह एन्क्रिप्टेड रहते हैं, इसलिए उन्हें न तो ड्राइवर और न ही Uber देख सकता है। ये वीडियो तभी खोले जाते हैं, जब ड्राइवर या राइडर किसी सुरक्षा शिकायत के दौरान अपनी मर्जी से उन्हें साझा करते हैं।

Ambulance Assistance features

Uber ने भारत में एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने के लिए 'डायल 4242' के साथ साझेदारी की है। अगर Uber ट्रिप के दौरान कोई दुर्घटना हो जाती है, तो राइडर या ड्राइवर Uber की 24×7 सेफ्टी लाइन के जरिए तुरंत मेडिकल मदद मांग सकते हैं। इससे जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं जल्दी उपलब्ध हो सकेंगी।

Don’t Type & Drive features

'डोंट टाइप एंड ड्राइव' Uber का एक नया सेफ्टी फीचर है। यह फीचर ड्राइवरों को गाड़ी चलाते समय Uber ड्राइवर ऐप पर मैसेज टाइप करने से रोकता है। अगर किसी मैसेज का जवाब देना जरूरी हो, तो ड्राइवर को पहले गाड़ी सुरक्षित जगह पर रोकने की सलाह दी जाती है। Uber का कहना है कि इससे ड्राइवर का ध्यान सड़क पर बना रहेगा और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा।

Trip verification PIN for riders

Uber ने 'सेट योर ओन PIN' फीचर भी लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से राइडर अपनी Uber ट्रिप के लिए खुद अपनी पसंद का वेरिफिकेशन PIN सेट और बदल सकते हैं। अब उन्हें ऑटोमैटिक PIN पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे यात्रियों को अपनी राइड पर पहले से ज्यादा कंट्रोल और सुरक्षा मिलेगी।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article