Royal Enfield Super Meteor 650: रॉयल एनफील्ड ने ईआईसीएमए 2022 में अपनी सबसे महंगी टूरर मोटरसाइकिल सुपर मीटिओर 650 शोकेस की थी और अब कंपनी इसे भारत में लॉन्च करने वाली है. 10 जनवरी 2023 को इस बाइक की कीमत का ऐलान किया जाएगा. नई मोटरसाइकिल को दो वेरिएंट्स सुपर मीटिओर 650 और सुपर मीटिओर 650 टूरर में पेश किया गया है. स्टैंडर्ड वेरिएंट को पांच रंगों - एस्ट्रल ब्लैक, एस्ट्रल ब्लू, एस्ट्रल ग्रीन, इंटरस्टेलर ग्रे और इंटरस्टेलर ग्रीन में उपलब्ध कराया गया है, वहीं टूरर वेरिएंट दो रंगों - सेलेस्टियल रेड और सेलेस्टियल ब्लू में पेश किया गया है.
दमदार है बाइक का इंजन
रॉयल एनफील्ड ने बिल्कुल नई सुपर मीटिओर 650 के साथ वही इंजन दिया है जो कंपनी इंटरसेप्टर और कॉन्टिनेंटल जीटी 650 के साथ देती है. हालांकि इसके साइड पैनल्स को नई डिजाइन दी गई है और ये मैट ब्लैक फिनिश में आता है. ये इंजन 47 पीएस और 52 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. बाइक का चेसी स्टील ट्यूबलर स्पाइन फ्रेम वाला है जिसके अगले हिस्से में 43 मिमी यूएसडी फोर्क्स और पिछले हिस्से में ट्विन गैस चार्ज्ड शॉक अबजॉर्बर्स लगाए गए हैं.
दिखने में जोरदार, ब्रेकिंग भी तगड़ी
रॉयल एनफील्ड मीटिओर 650 के अगले और पिछले पहियों में क्रमशः 320 मिमी और 300 मिमी के डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं, वहीं इसके साथ डुअल चैनल एबीएस कंपनी ने मुहैया कराया है. टूरिंग के लिहाज से नई मोटरसाइकिल को खूब सारी एक्सेसरीज से भी सजाया जा सकता है जो कंपनी ने पेश की हैं. इनमें बार एंड मिरर्स, डीलक्स फुटपैग, सोलो फिनिशर, एलईडी इंडिकेटर्स और मशीन्ड व्हील्स, डीलक्स टूरिंग डुअल सीट, टूरिंग विंडस्क्रीन, पैसेंजर बैकरेस्ट, लॉन्ग हॉल पेनिअर्स और टूरिंग हैंडलबार्स शामिल हैं.
