ऑटो न्यूज़

त्योहारी सीजन में रिकॉर्डतोड़ बिक्री, सिर्फ 42 दिन में 38 लाख भारतीय ग्राहकों ने खरीदी नई गाड़ी

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Nov 28, 2023, 01:10 PM IST

त्योहारों का सीजन भारतीय वाहन मार्केट के लिए खुशखबरी लेकर आता है। इस सीजन भी कुछ ऐसा ही हुआ है जो रिकॉर्डतोड़ बिक्री के साथ खत्म हुआ है। सिर्फ 42 दिन में करीब 38 लाख लोगों ने नया वाहन खरीदा है।

Image

42 में देश के लगभग 38 लाख लोगों ने नई गाड़ी खरीदी जो रिकॉर्डतोड़ बिक्री है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • त्योहारी सीजन में रिकॉर्डतोड़ बिक्री
  • 42 दिन में बिकीं 38 लाख गाड़ियां
  • वाहन निर्माताओं की हो गई चांदी

Festive Season Motor Vehicle Sales: त्योहारी सीजन में वाहनों की बिक्री निर्माता कंपनियों के लिए बंपर मुनाफा लेकर आती है और इस सीजन में कुछ ऐसा ही हुआ है। दमदार मांग ऐसी थी कि 45 दिन से भी कम समय में देश के लगभग 38 लाख लोगों ने नई गाड़ी खरीदी जो रिकॉर्डतोड़ बिक्री है। ट्रैक्टर के अलावा सभी खंडों में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज की गई है। वाहन डीलर के निकाय फाडा ने मंगलवार को यह बात कही। इस साल 42 दिन के त्योहारी सीजन में मोटर वाहन की कुल बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 37,93,584 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल यह 31,95,213 इकाई थी।

कितने बिके पैसेंजर वाहन

नवरात्रि के पहले दिन से शुरू होकर और धनतेरस के 15 दिन बाद समाप्त हुए त्योहारी सीजन में यात्री वाहन की खुदरा बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 5,47,246 इकाई हो गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 4,96,047 इकाई थी। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा, ‘‘ नवरात्रि के दौरान खराब प्रदर्शन के बावजूद दिवाली तक स्थिति में सुधार हुआ और 10 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।’’

टू—व्हीलर बिक्री 21 फीसदी बढ़ी

उन्होंने कहा कि त्योहारी में स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहनों की मांग सबसे अधिक रही। इसी तरह दोपहिया वाहनों का पंजीकरण सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर इस साल 28,93,107 इकाई हो गया, जो 2022 में 23,96,665 इकाई था। उन्होंने कहा, ‘‘ कई श्रेणियों में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की गई, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों ने खासकर दोपहिया वाहनों की खरीद में वृद्धि में योगदान दिया।’’ इस दौरान वाणिज्यिक वाहन की बिक्री सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 1,23,784 इकाई रही।

ट्रैक्टर भी खूब बिके

समीक्षाधीन अवधि में तिपहिया वाहनों का पंजीकरण 41 प्रतिशत बढ़कर 1,42,875 इकाई हो गया, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,01,052 इकाई था। हालांकि, ट्रैक्टर की बिक्री पिछले साल की त्योहारी अवधि में 86,951 इकाइयों से मामूली गिरावट के साथ 86,572 इकाई हो गई। सिंघानिया ने कहा, ‘‘ नवरात्रि में ट्रैक्टर की बिक्री में 8.3 प्रतिशत की कमी देखी गई, लेकिन इसमें उल्लेखनीय सुधार हुआ तथा बाद में वह 0.5 प्रतिशत की गिरावट तक सीमित रही।’’ इस वर्ष त्योाहरी सीजन 15 अक्टूबर को शुरू और 25 नवंबर को समाप्त हुआ।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article