ऑटो न्यूज़

Next Gen Hyundai Creta: फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और हाइब्रिड इंजन के साथ जल्द होगी एंट्री

Next Gen Hyundai Creta: हुंडई की नई जनरेशन क्रेटा फ्यूचरिस्टिक डिजाइन, 'सॉफ्टवेयर डिफाइंड' प्लेटफॉर्म और एडवांस्ड फीचर्स के साथ आएगी। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल पर आधारित नया हाइब्रिड इंजन भी मिलेगा, जो बेहतर माइलेज देगा।

Image

आ रही है Hyundai Creta की नई कार (प्रतीकात्मक तस्वीर- hyundai.com)

Next Gen Hyundai Creta : भारत की सबसे पसंदीदा SUVs में से एक हुंडई क्रेटा जल्द ही नए और पूरी तरह से बदले हुए अवतार में नजर आने वाली है। हुंडई अपनी तीसरी पीढ़ी की क्रेटा (कोडनेम SX3) पर तेजी से काम कर रही है, जिसे 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। हाल ही में सामने आई डिजिटल रेंडरिंग तस्वीरों से इसके 360-डिग्री लुक की झलक मिली है। नई क्रेटा को बेहद आधुनिक 'सॉफ्टवेयर डिफाइंड व्हीकल' (SDV) प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है, जिससे इसमें लगातार नए सॉफ्टवेयर अपडेट्स मिलते रहेंगे।

साइ-फाइ मूवी जैसा फ्यूचरिस्टिक डिजाइन

तीसरी पीढ़ी की हुंडई क्रेटा का डिजाइन पूरी तरह से बदल दिया गया है, जो किसी साइंस-फिक्शन फिल्म की कार जैसा लगता है। इसका लुक लॉस एंजिल्स ऑटो शो में पेश किए गए 'क्रेटर कॉन्सेप्ट' से प्रेरित है। मौजूदा मॉडल की घुमावदार शेप की जगह अब इसमें शार्प और कटिंग-एज लाइन्स दी गई हैं। कार का फ्रंट लुक अब ज्यादा ऊंचा और दमदार नजर आता है। इसमें पिक्सल-स्टाइल LED DRLs और ग्रिल के साथ बेहद करीने से सेट की गई हेडलाइट्स मिलती हैं। सामने के निचले हिस्से में ब्लैक-आउट बंपर और चार पार्किंग सेंसर्स दिखाई देते हैं। साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें चौकोर ORVMs, स्पोर्टी अलॉय व्हील्स, बॉडी कलर्ड डोर हैंडल्स और ढलान वाली रूफलाइन दी गई है। पीछे की तरफ पिक्सल-स्टाइल LED टेललाइट्स को जोड़ने वाली एक चमकदार ब्लैक स्ट्रिप और फ्लैट बम्पर दिया गया है, जो इसे बेहद आकर्षक बनाता है।

केबिन में मिलेगा एडवांस्ड इंफोटेनमेंट सिस्टम

नई क्रेटा के इंटीरियर को भी पूरी तरह से नया और प्रीमियम रूप दिया जाएगा। टेस्टिंग के दौरान देखे गए मॉडल के मुताबिक, इसमें 'प्लायोस कनेक्ट' (Pleos Connect) इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है। यह सिस्टम एक ही बड़ी स्क्रीन पर कार की सभी मुख्य जानकारियों और एंटरटेनमेंट फीचर्स को जोड़ता है। इसके अलावा, स्पीड और नेविगेशन जैसी जरूरी चीजों के लिए डैशबोर्ड पर एक छोटी सेकेंडरी स्क्रीन भी दी गई है। केबिन में लग्जरी का खास ख्याल रखा जाएगा। इसमें लेदर सीट्स, कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग और शानदार साउंड के लिए बॉस का प्रीमियम ऑडियो सिस्टम मिल सकता है। सुरक्षा के लिहाज से कार में अपग्रेटेड लेवल 2+ ADAS (अडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) जैसे सेफ्टी फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं।

दमदार हाइब्रिड इंजन से होगी लैस

नई जनरेशन हुंडई क्रेटा का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव इसका पावरट्रेन होगा। कंपनी इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर आधारित नया हाइब्रिड (Hybrid) इंजन पेश करने जा रही है। हाइब्रिड तकनीक आने से कार का माइलेज पहले से काफी बेहतर हो जाएगा और कार्बन उत्सर्जन भी कम होगा। इसके अलावा, मौजूदा क्रेटा में मिलने वाले पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्प भी नई क्रेटा में जारी रखे जाएंगे।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article