ऑटो न्यूज़

महीना भर पहले हुई थी बड़ी कटौती, अब एमजी ने बढ़ाए हैक्टर और हैक्टर प्लस के दाम

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Oct 26, 2023, 09:15 PM IST

MG Motor India ने सितंबर 2023 में ही Hector और Hector Plus एसयूवी की कीमत में 1.37 लाख रुपये की कटौती की थी। अब कंपनी ने त्योहारी सीजन में इन दोनों एसयूवी की कीमत 40,000 रुपये तक बढ़ा दी है।

Image

5-सीटर मॉडल की कीमत में 26,000 से 40,000 रुपये तक इजाफा हुआ है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • एमजी हैक्टर और हैक्टर प्लस
  • 40,000 रुपये तक बढ़ी कीमत
  • पिछले महीने बंपर कटौती हुई

MG Hector & Hector Plus Price Hike: महीने भर पहले ही एमजी मोटर इंडिया ने हैक्टर और हैक्टर प्लस एसयूवी की कीमत में कटौती की थी। अब त्योहारों के सीजन में कंपनी ने इन दोनों एसयूवी के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। एमजी हैक्टर और हैक्टर प्लस की कीमत जहां 1.37 लाख रुपये तक घटाई गई थी, वहीं अब 40,000 रुपये का इजाफा दर्ज किया गया है। इन दोनों एसयूवी के सभी वेरिएंट्स की कीमत इतनी नहीं बढ़ी है, इसके बेस पेट्रोल वेरिएंट की कीमत 26,000 रुपये बढ़ाई गई है जो 1.77 प्रतिशत बढ़ोतरी है। 5-सीटर मॉडल की कीमत में 26,000 से 40,000 रुपये तक इजाफा हुआ है।

कितनी है दोनों की कीमत

एमजी हैक्टर पेट्रोल की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत अब 14.99 लाख रुपये हो गई है जो टॉप मॉडल के लिए 22 लाख रुपये तक जाती है। इसके डीजल वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 18.30 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 21.91 लाख तक जाती है। हैक्टर प्लस 6एस की बात करें तो इसका पेट्रोल वेरिएंट 20.50 लाख रुपये से लेकर 22.78 लाख रुपये के बीच उपलब्ध है, वहीं हैक्टर प्लस 6एस डीजल की एक्सशोरूम कीमत 21.20 लाख से 22.61 लाख रुपये के बीच है। हैक्टर प्लस 7एस पेट्रोल का दाम 17.80 लाख से 22.78 लाख और हैक्टर प्लस 7एस डीजल 20 लाख और 22.61 लाख के बीच है।

कितनी दमदार हैं दोनों एसयूवी

मॉरिस गैराजेस ने हैक्टर और हैक्टर प्लस के साथ 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया है। ये इंजन 6-स्पीड मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स से लैस है, वहीं ये 143 एचपी ताकत बनाता है। इसके अलावा 2.0-लीटर डीजल इंजन भी एसयूवी को मिला है जो 170 एचपी ताकत बनाता है और सिर्फ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स में उपलब्ध है। मुकाबले पर नजर डालें तो यहां टाटा हैरियर, जीप कम्पास और महिंद्रा एक्सयूवी700 का 5-सीटर वर्जन भी हैक्टर और हैक्टर प्लास की टक्कर में मौजूद हैं।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article