Maruti Suzuki Wagonr Best Seller: मारुति सुजुकी वैगनआर के भारतीय मार्केट में 25 साल पूरे हो गए हैं जो एक कार के लिए बहुत लंबा सफर होता है। बड़ी बात बात ये है कि मारुति की ये टॉलबॉय हैचबैक अब भी ग्राहकों की पसंदीदा कारों में एक है। लॉन्च के बाद से अब तक इस कार की 32 लाख से भी ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं। अब बहुत मामूली अंतर से अर्टिगा को पछाड़ वैगनआर 2024 में ब्रांड की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई है। इसके अलावा कंपनी की कुल बिक्री में करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी इसी की है। पिछले दो वित्त वर्ष में इसकी लगभग 2 लाख यूनिट औसत बिकी हैं। आगे हम आपको इसके सबसे पसंदीदा 1.0-लीटर इंजन विकल्प की जानकारी दे रहे हैं।
2024 में कितनी बिकी कार
मारुति सुजुकी ने 2024 में वैगनआर की कुल 1,90,885 यूनिट बेची हैं जिसके बाद ये ब्रांड की बेस्ट सेलर बन गई है। इससे बस 885 यूनिट से पिछड़ी मारुति सुजुकी अर्टिगा 7-सीटर एमपीवी ने दूसरे पायदान पर अपनी जगह बनाई है। बता दें कि जनवरी से नवंबर 2024 तक की बिक्री में अर्टिगा मामूली बढ़त पर चल रही थी, लेकिन बाजी अंत में वैगनआर ने मारी है।
दो इंजन विकल्प मिलते हैं
मारुति सुजुकी वैगनआर के साथ आपको 2 इंजन विकल्प मिलते हैं जिनमें 1.0-लीटर और 1.2-लीटर शामिल हैं। इनमें से ग्राहकों का पसंदीदा मॉडल 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन वाला है जो बहुत किफायती है। इसकी बिक्री का बड़ा हिस्सा फ्लीट मार्केट से आता है, यानी पैसा वसूल इस हैचबैक को टैक्सी कोटे में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता रहा है।
फ्लीट मार्केट से बड़ी मांग
कंपनी ने अपने बयान में बताया है कि वैगनआर की बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत हिस्सेदारी 1.0-लीटर सीएनजी वेरिएंट की हो रही है। ऐसे में कहा जा सकता है कि ये हिस्सा फ्लीट मार्केट से ही मिल रहा है। सीएनजी वेरिएंट में 1.0-लीटर इंजन वैगनआर आपको 34 किमी/किग्रा से भी ज्यादा माइलेज देती है।
बड़ा साइज, कीमत कम
भारतीय ग्राहकों की सबसे बड़ी डिमांड कम कीमत में बड़ी कार है, यहां वैगनआर की सफलता का ये भी सबसे बड़ा कारण है। मारुति सुजुकी वैगनआर साइज में इस श्रेणी की सबसे बड़ी कार है और बहुत कम कीमत में ये फैमिली कार आपकी हो जाती है। इसके अलावा जोरदार माइलेज और कम मेंटेनेंस कॉस्ट इसे फुल पैसा वसूल बनाते हैं।
कितना दमदार है इंजन
इस धाकड़ हैचबैक के साथ 1.0-लीटर इंजन मिलता है जो पेट्रोल मोड पर 65 बीएचपी ताकत और 89 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। दूसरी तरफ सीएनजी मोड में इसकी ताकत घटकर 55 बीएचपी और 82 एनएम पीक टॉर्क रह जाती है। ये 5-स्पीड एमटी और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के साथ आता है। इसके साथ 1.2-लीटर इंजन भी मिलता है जो 88 बीएचपी ताकत और 113 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।
