देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी आने वाले समय में अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी इस समय तीन नए मॉडलों की भारतीय सड़कों पर जोर-शोर से टेस्टिंग कर रही है। इनमें 2026 मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट, 2026 मारुति बलेनो फेसलिफ्ट और एक बिल्कुल नई तीन-रो वाली इलेक्ट्रिक MPV (YMC) शामिल हैं।
इन तीनों मॉडल्स को अलग-अलग मौकों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इनके लॉन्च को लेकर फैंस के बीच में एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, नई ब्रेजा फेसलिफ्ट की कीमतों का ऐलान 23 जुलाई 2026 को किया जाएगा, जबकि बलेनो फेसलिफ्ट और नई इलेक्ट्रिक MPV को 2026 के आखिर तक बाजार में उतारा जा सकता है।
नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट (New Maruti Brezza Facelift)
2026 मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट में डिज़ाइन में बहुत कम बदलाव और कुछ नए फीचर्स मिलने की संभावना है। हालांकि, सबसे बड़ा अपग्रेड 1.0L टर्बोचार्ज्ड बूस्टरजेट पेट्रोल इंजन होगा, जिसे फ्रोंक्स कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर से लिया गया है, यह इंजन 100bhp की पावर और 148Nm का टॉर्क देता है। यह 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध होगी। नई ब्रेजा CNG वर्शन में अंडरबॉडी-माउंटेड CNG टैंक होने की उम्मीद है। निचले ट्रिम्स में मौजूदा 1.5L नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही जारी रहने की संभावना है।
अटकलें हैं कि अपडेटेड ब्रेजा में लेवल 2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) के साथ-साथ वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड ड्राइवर सीट और एम्बिएंट लाइटिंग मिल सकती है। बाहर की तरफ, सब-कॉम्पैक्ट SUV में थोड़ी बदली हुई फ्रंट ग्रिल, नए बंपर और लाइटिंग एलिमेंट्स, नए डिज़ाइन वाले अलॉय व्हील्स और कनेक्टेड LED टेललैंप्स होने की उम्मीद है।
नई मारुति बलेनो फेसलिफ्ट (New Maruti Baleno Facelift)
स्पाई शॉट्स से पता चलता है कि नई 2026 मारुति बलेनो फेसलिफ्ट में नए डिजाइन की ग्रिल और नए बंपर मिलेंगे, जबकि प्रोजेक्टर LED हेडलैंप्स और बूमरैंग-शेप वाले DRLs में कोई बदलाव नहीं होगा। अंदर की तरफ, नई बलेनो में बेहतर मटीरियल क्वालिटी और कुछ नए फीचर्स के साथ नया केबिन थीम मिलने की संभावना है।
इंजन की बात करें तो, 2026 मारुति बलेनो फेसलिफ्ट में मौजूदा 1.2L नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल होने की उम्मीद है, जो 90bhp की मैक्सिमम पावर और 113Nm का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT शामिल होंगे। इसका CNG वर्शन भी पेश किया जाएगा।
मारुति YMC इलेक्ट्रिक MPV (Maruti YMC Electric MPV)
YMC कोडनेम वाली मारुति की आने वाली इलेक्ट्रिक MPV के, eVitara के साथ अपना प्लेटफ़ॉर्म और पावरट्रेन शेयर करने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि इसे स्केटबोर्ड आर्किटेक्चर पर बनाया जाएगा और इसमें 49kWh और 61kWh बैटरी के ऑप्शन मिलेंगे। इसकी रेंज एक बार चार्ज करने पर 543km से ज़्यादा होने की संभावना है। YMC भारत में मारुति सुज़ुकी की चौथी MPV होगी, जो ब्रांड की लाइनअप में Ertiga, XL6 और Invicto के साथ शामिल होगी।
