सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक ग्राहक ने दावा किया कि उनकी टोयोटा हाइक्रॉस में इथेनॉल-ब्लेंडेड E20 फ्यूल के इस्तेमाल के बाद तकनीकी दिक्कतें आ गईं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद E20 फ्यूल की विश्वसनीयता और वाहनों पर उसके प्रभाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अब इस पूरे मामले पर टोयोटा ने आधिकारिक बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
कंपनी ने कहा है कि जिस टोयोटा हाइक्रॉस गाड़ी का वीडियो सामने आया है वह पूरी तरह E20-कम्पैटिबल है। कंपनी के अनुसार, इस मॉडल को E20 फ्यूल के उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है और इसे आवश्यक तकनीकी परीक्षणों एवं सर्टिफिकेशन प्रक्रियाओं से गुजारा गया है। इसलिए, सामान्य परिस्थितियों में E20 फ्यूल के इस्तेमाल से वाहन को किसी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं होनी चाहिए।
जांच में क्या सामने आया?
टोयोटा ने बताया कि संबंधित वाहन की विस्तृत तकनीकी जांच की गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि वाहन में आई समस्या का कारण E20 फ्यूल नहीं, बल्कि फ्यूल में मिलावट (कंटैमिनेशन) था। कंपनी के अनुसार, जांच से यह पुष्टि हुई कि वाहन के किसी भी मैकेनिकल पार्ट या फ्यूल सिस्टम को कोई स्थायी नुकसान नहीं पहुंचा था। इसके बाद कंपनी ने अपने निर्धारित सर्विस प्रोटोकॉल के तहत वाहन के फ्यूल टैंक और फ्यूल लाइनों को पूरी तरह खाली कर साफ किया। इसके बाद वाहन में मानक गुणवत्ता वाला E20 फ्यूल दोबारा भरा गया।
टोयोटा ने बताया कि दोबारा परीक्षण के दौरान वाहन पूरी तरह सामान्य स्थिति में पाया गया और सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद उसे ग्राहक को वापस सौंप दिया गया।
E20 फ्यूल नहीं, मिलावटी फ्यूल था वजह
कंपनी ने अपने बयान में स्पष्ट कहा कि उपलब्ध तकनीकी तथ्यों के आधार पर यह घटना E20 फ्यूल के उपयोग से संबंधित नहीं थी, बल्कि इसका कारण नॉन-स्टैंडर्ड और मिलावटी फ्यूल था। टोयोटा का कहना है कि यदि किसी वाहन में मानक गुणवत्ता वाला E20 फ्यूल इस्तेमाल किया जाता है, तो E20-कम्पैटिबल वाहन में इससे किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।
ग्राहकों के लिए कंपनी की सलाह
टोयोटा ने अपने ग्राहकों से अपील की है कि वे हमेशा अधिकृत और प्रतिष्ठित फ्यूल स्टेशनों से ही ईंधन भरवाएं। कंपनी का कहना है कि ऐसा करने से फ्यूल में मिलावट या अशुद्धियों का जोखिम काफी हद तक कम हो जाता है, जिससे वाहन की परफॉर्मेंस और विश्वसनीयता बनी रहती है।
साथ ही कंपनी ने ग्राहकों से यह भी आग्रह किया है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट दावों के बजाय आधिकारिक स्रोतों से उपलब्ध वैज्ञानिक और तथ्य-आधारित जानकारी पर भरोसा करें। यदि किसी ग्राहक को अपने वाहन या E20 फ्यूल को लेकर कोई शंका हो, तो वह अपने नजदीकी टोयोटा अधिकृत डीलरशिप या टोयोटा कस्टमर केयर से संपर्क कर सकता है।
सुरक्षित और भरोसेमंद ओनरशिप अनुभव का भरोसा
टोयोटा ने अपने बयान के अंत में कहा कि कंपनी अपने सभी ग्राहकों को सुरक्षित, भरोसेमंद और बेहतरीन ओनरशिप अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कंपनी ने दोहराया कि उसके E20-कम्पैटिबल वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित और परीक्षण किए गए हैं तथा इस मामले में सामने आई समस्या का कारण केवल मिलावटी फ्यूल था, न कि E20 ईंधन।
