ऑटो न्यूज़

Kia Syros EV की डिटेल्स हुईं लीक! 520 किमी तक की रेंज और लाइफटाइम बैटरी वारंटी मिलने की संभावना

माना जा रहा है कि Kia Syros EV कंपनी की भारत में सबसे छोटी इलेक्ट्रिक SUV होगी। यह Kia Carens Clavis EV से नीचे के वेरिएंट में आएगी और इसमें उसी प्लेटफॉर्म और इलेक्ट्रिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Image

किया जल्द ही भारतीय बाजार में एक नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर सकता है।

अगर आप एक नई इलेक्ट्रिक कार लेने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। कुछ सालों में भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर अपनी पकड़ मजबूत करने वाली दिग्गज कंपनी KIA जल्द ही बाजार में एक नई इलेक्ट्रिक SUV कार लेकर आ सकती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारत में लॉन्च से पहले Kia Syros EV को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन लीक हुई डिटेल्स से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह इलेक्ट्रिक SUV दमदार रेंज और कई लेटेस्ट फीचर्स के साथ बाजार में आ सकती है।

माना जा रहा है कि Kia Syros EV कंपनी की भारत में सबसे छोटी इलेक्ट्रिक SUV होगी। यह Kia Carens Clavis EV से नीचे की श्रेणी में आएगी और इसमें उसी प्लेटफॉर्म और इलेक्ट्रिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है।

दो बैटरी पैक मिलने की संभावना

लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, Kia Syros EV को 42 kWh और 51.4 kWh बैटरी पैक के साथ पेश किया जा सकता है। यही बैटरी विकल्प Hyundai Creta EV और Kia Carens Clavis EV में भी देखने को मिलते हैं। हालांकि, Syros EV का आकार और वजन कम होने की वजह से इससे बेहतर रेंज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सामने आई जानकारी के अनुसार,

  • 42 kWh बैटरी के साथ लगभग 443 किलोमीटर की दावा की गई रेंज मिल सकती है।
  • 51.4 kWh बैटरी के साथ लगभग 520 किलोमीटर की दावा की गई रेंज मिलने की संभावना है।

अगर ये आंकड़े सही साबित होते हैं, तो Syros EV अपने सेगमेंट की सबसे ज्यादा रेंज देने वाली इलेक्ट्रिक SUVs में शामिल हो सकती है।

बैटरी पर मिल सकती है लंबी वारंटी

रिपोर्ट्स के अनुसार, Kia इस इलेक्ट्रिक SUV के साथ 15 साल या लाइफटाइम बैटरी वारंटी देने की तैयारी कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह भारतीय बाजार में सबसे बड़े बैटरी वारंटी ऑफर्स में से एक होगा। इसके अलावा, गाड़ी के साथ 3 साल की स्टैंडर्ड वाहन वारंटी मिलने की उम्मीद है, जिसे बढ़ाकर 7 साल या 1.6 लाख किलोमीटर तक किया जा सकता है। साथ ही कंपनी ग्राहकों के लिए बायबैक एश्योरेंस प्रोग्राम भी ला सकती है, जिससे भविष्य में वाहन की रीसेल वैल्यू बेहतर बनी रहे।

फीचर्स भी होंगे शानदार

लीक जानकारी के मुताबिक, Kia Syros EV में कई प्रीमियम फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। इनमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, लेवल-2 ADAS, वेंटिलेटेड सीटें, पैनोरमिक सनरूफ और कई एडवांस सेफ्टी फीचर्स शामिल हो सकते हैं।

जल्द हो सकती है लॉन्च

हाल ही में Kia India ने अपने आने वाले इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड मॉडलों की झलक दिखाई थी। इसके बाद माना जा रहा है कि Syros EV और Sorento Hybrid को जल्द भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है। फिलहाल, Kia Syros EV से जुड़ी सभी जानकारियां लीक रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। कंपनी ने अभी तक बैटरी, रेंज, फीचर्स, वारंटी, कीमत या लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में अंतिम और सही जानकारी लॉन्च के समय ही सामने आएगी।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारी author

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से ... और देखें

End of Article