भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में प्रीमियम और तेज रफ्तार वाले स्कूटरों की मांग लगातार बढ़ रही है। अब लगभग सभी टू-व्हीलर मेकर कंपनी ईवी बाइक्स और स्कूटर लॉन्च कर रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कीवे इंडिया ने अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Keeway Hypevolt-R लॉन्च किया है। कंपनी ने इसे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज के सबसे प्रीमियम मॉडल के तौर पर पेश किया है।
यह स्कूटर उन लोगों के लिए खास है जो स्टाइलिश डिजाइन के साथ नई टेक्नोलॉजी, एडवांस सेफ्टी फीचर्स और दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं। कंपनी का दावा है कि Hypevolt-R आधुनिक फीचर्स और बेहतर राइडिंग अनुभव के साथ प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में मजबूत विकल्प बनकर सामने आएगा।
Keeway Hypevolt-R की कीमत
अगर आप Keeway Hypevolt-R खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो बता दें कि इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹1.99 लाख है, जबकि कंपनी ने ग्राहकों के लिए बुकिंग सिर्फ ₹5,000 में शुरू कर दी है। यह स्कूटर क्रिस्टल व्हाइट और प्लेटिनम ग्रे रंगों में उपलब्ध होगा और इसकी बिक्री Moto Vault डीलरशिप के जरिए की जाएगी। इसका डिजाइन पारंपरिक स्कूटर्स से अलग है, जिससे इसे स्पोर्टी और प्रीमियम लुक मिलता है।
स्कूटर में ड्यूरेबल डिजाइन और दमदार फीचर्स
Hypevolt-R का डिजाइन बाकी इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से काफी अलग है। इसमें बीच में मजबूत फ्रेम दिया गया है, जबकि राइडर और पीछे बैठने वाले के लिए फ्लैट सीट मिलती है। सामने की LED हेडलाइट एप्रन पर लगी है और पीछे का डिज़ाइन इसे स्पोर्टी और बॉबर बाइक जैसा लुक देता है।
फीचर्स की बात करें तो इसमें 5-इंच TFT डिस्प्ले, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, फोन पेयरिंग, मैप्स, स्क्रीन प्रोजेक्शन, कीलेस गो, ट्रैक्शन कंट्रोल, डुअल-चैनल ABS, हिल होल्ड, हिल डिसेंट कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल, रिवर्स मोड, रिवर्स कैमरा और कुछ ADAS सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।
Keeway Hypevolt-R में दो रिमूवल बैटरी
स्कूटर में 14-इंच के अलॉय व्हील, आगे-पीछे डिस्क ब्रेक, टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन और ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर मिलते हैं। इसकी सीट के नीचे 27 लीटर का स्टोरेज और 770 mm की सीट हाइट दी गई है। Keeway Hypevolt-R में 5 kWh की दो रिमूवेबल बैटरियां हैं, जिन्हें घर पर भी चार्ज किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, यह स्कूटर एक बार चार्ज करने पर 180 किमी (IDC) तक की रेंज देता है। बैटरी 0 से 80% तक करीब 3 घंटे में चार्ज हो जाती है।
इसमें 12 kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 115 किमी/घंटा की टॉप स्पीड देती है। यह स्कूटर 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 2.3 सेकंड में पकड़ लेता है। इसमें इको, नॉर्मल और स्पोर्ट तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं।
