Hyundai ने अपना नेक्स्ट-जेनरेशन इंफोटेनमेंट सिस्टम पेश किया है, जो काफी हद तक Tesla से इंस्पायर्ड माना जा रहा है। इस सिस्टम का नाम Pleos Connect रखा गया है। यह एक स्मार्ट स्क्रीन सिस्टम है, जिसमें AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) वाला वॉइस असिस्टेंट दिया गया है। इससे सामान्य बातचीत की तरह बात कर कई काम कर सकते हैं जैसे नेविगेशन सेट करना, म्यूजिक चलाना या कार के फीचर्स कंट्रोल करना।
भविष्य की कारों के लिए खास होगा सिस्टम
कंपनी का कहना है कि यह नया सिस्टम भविष्य की कारों के लिए अहम होगा, क्योंकि कंपनी अब ऐसी गाड़ियां बनाना चाहती है जो सॉफ्टवेयर के जरिए ज्यादा स्मार्ट और अपडेटेबल हों। यानी आने वाले समय में कारें मोबाइल फोन की तरह और ज्यादा “स्मार्ट” बनेंगी।
मई में साउथ कोरिया में होगा लॉन्च
Hyundai Motor Company का यह नया इंफोटेनमेंट सिस्टम मई 2026 में सबसे पहले Hyundai Grandeur सेडान में साउथ कोरिया में लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद कंपनी इसे धीरे-धीरे दुनिया के अन्य बाजारों में भी पेश करेगी। इस सिस्टम में OTA (Over-the-Air) अपडेट की सुविधा होगी। यानी कार खरीदने के बाद भी इसमें नए फीचर्स और सुधार इंटरनेट के जरिए अपने आप अपडेट होते रहेंगे।
Hyundai और Kia की गाड़ियों में मिलेगी सुविधा
कंपनी अपनी कारों को ज्यादा स्मार्ट और भविष्य के हिसाब से तैयार करने पर तेजी से काम कर रही है। इसी दिशा में कंपनी ने 2025 में एक नया रिसर्च लैब भी शुरू किया है। कंपनी का लक्ष्य है कि 2030 तक Pleos Connect सिस्टम को Hyundai और Kia की करीब 2 करोड़ गाड़ियों में लगाया जाए। Pleos Connect सिस्टम को इसकी 17-इंच की बड़ी टचस्क्रीन खास बनाती है है, जो ड्राइवर के सामने इस तरह लगाई गई है कि उसे देखने में आसानी हो। इसका डिजाइन काफी हद तक Tesla की कारों जैसा मॉडर्न और सिंपल है।
सिस्टम स्मार्ट वॉइस असिस्टेंट से है लैस
Hyundai के इस नए सिस्टम में Gleo AI नाम का स्मार्ट वॉइस असिस्टेंट दिया गया है। इसकी खास बात यह है कि यह एक साथ कई काम समझ सकता है, जैसे आप कहें कि “AC कम कर दो और नेविगेशन सेट कर दो”, तो यह दोनों काम एक साथ कर देगा। इसके अलावा, यह यह भी पहचान सकता है कि कार में कौन बोल रहा है और उसी के अनुसार जवाब देता है।
स्टीयरिंग और स्क्रीन के नीचे मिलेंगे फिजिकल बटन
खास बात यह है कि कंपनी ने पूरी तरह टच सिस्टम पर निर्भर होने के बजाय स्टीयरिंग और स्क्रीन के नीचे कुछ फिजिकल बटन भी दिए हैं। इससे ड्राइविंग के दौरान जरूरी कंट्रोल आसानी से किए जा सकते हैं और सुरक्षा भी बनी रहती है। यह नया सिस्टम डिजिटल (टच और AI) और फिजिकल कंट्रोल दोनों का अच्छा बैलेंस देगा, जिससे यूजर को ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित अनुभव मिलता है।
