ऑटो न्यूज़

Car के स्क्रैच से हैं परेशान? बिना ज्यादा खर्च के घर पर ही ऐसे चमकाएं अपनी पुरानी गाड़ी

क्या आप भी अपने कार के स्क्रैचेस से परेशान हैं? अगर हां तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। इस आर्टिकल में आपको घर पर ही कार के स्क्रैच हटाने के तरीके बता रहे हैं-

Image

घर पर ऐसे हटाएं Car Scratches (AI Generated Image)

कार खरीदने के बाद हर व्यक्ति चाहता है कि उसकी कार लंबे समय तक नई जैसी चमकदार बनी रहे। लेकिन रोजाना इस्तेमाल के दौरान कार की बॉडी पर छोटे-मोटे स्क्रैच आना आम बात है। पार्किंग में किसी दूसरी गाड़ी से हल्की टक्कर, पेड़ की टहनी लगना या धूल-मिट्टी के कारण कार के पेंट पर निशान पड़ सकते हैं। कई बार छोटे स्क्रैच (Car Scratches) के लिए सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ती और इन्हें घर पर भी आसानी से ठीक किया जा सकता है।

कौन-से स्क्रैच हटा सकते हैं घर पर

हालांकि, यह समझना जरूरी है कि हर तरह के स्क्रैच घर पर पूरी तरह हटाना संभव नहीं होता। अगर स्क्रैच सिर्फ कार की ऊपरी पेंट लेयर या क्लियर कोट तक सीमित है, तो घर पर ही कुछ आसान तरीकों से इसकी चमक काफी हद तक वापस लाई जा सकती है। वहीं, गहरे स्क्रैच जिनमें नीचे की मेटल बॉडी दिखाई देने लगे, उनके लिए प्रोफेशनल रिपेयर की जरूरत पड़ सकती है।

पहले करें स्क्रैच की पहचान

कार से स्क्रैच हटाने से पहले यह जांचना जरूरी है कि निशान कितना गहरा है। अगर स्क्रैच हल्का है और नाखून लगाने पर ज्यादा महसूस नहीं होता, तो इसे आसानी से पॉलिश या रबिंग कंपाउंड से हटाया जा सकता है। अगर नाखून स्क्रैच में फंस जाता है या पेंट की नीचे वाली परत दिखाई देती है, तो यह गहरा स्क्रैच हो सकता है।

कार को अच्छी तरह साफ करें

स्क्रैच हटाने से पहले कार की सतह को साफ करना सबसे जरूरी कदम है। कई बार धूल और मिट्टी की वजह से स्क्रैच ज्यादा दिखाई देते हैं। सबसे पहले कार को पानी से धोएं और माइक्रोफाइबर कपड़े से अच्छी तरह सुखाएं। ध्यान रखें कि गंदी सतह पर रगड़ लगाने से पेंट को और नुकसान पहुंच सकता है।

कार पॉलिश और रबिंग कंपाउंड का इस्तेमाल

छोटे स्क्रैच के लिए कार पॉलिश या रबिंग कंपाउंड का इस्तेमाल कर सकते हैं । ये प्रोडक्ट कार की ऊपरी परत को थोड़ा स्मूद कर स्क्रैच की दिखाई देने वाली लाइन को कम करते हैं। रबिंग कंपाउंड लगाते समय हमेशा निर्देशों का पालन करना चाहिए और ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए। काम पूरा होने के बाद कार वैक्स लगाने से पेंट की चमक बनी रहती है और सतह को सुरक्षा मिलती है।

WD-40 से हटाएं दूसरी गाड़ी के पेंट के निशान

कई बार कार की बॉडी पर दूसरी गाड़ी के पेंट के निशान लग जाते हैं, जो असली स्क्रैच नहीं होते। ऐसे निशानों को हटाने के लिए WD-40 जैसे क्लीनिंग प्रोडक्ट मददगार हो सकते हैं। इसे सीधे इस्तेमाल करने से पहले कार के छोटे हिस्से पर टेस्ट कर सकते हैं और बाद में सतह को साफ कपड़े से पोंछ सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article