हीरो मोटोकॉर्प के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड 'VIDA ने अपने VX2 पोर्टफोलियो में नया VIDA VX2 Plus 4.4 kWh मॉडल लॉन्च किया है। अगर आप एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो इसे भी चेक आउट कर सकते हैं। हीरो ने अपने नए विडा इलेक्ट्रिक स्कूटर में कई सारे दमदार फीचर्स दिए हैं। कंपनी ने इसे लंबी दूरी तय करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है। बता दें कि यह VX2 सीरीज का चौथा मॉडल है।
नए स्कूटर की कीमत
कंपनी ने लॉन्च के साथ यह भी बताया कि VIDA VX2 ने 12,111 किलोमीटर की क्रॉस-कंट्री का सफर पूरा कर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई है। यह रिकॉर्ड इलेक्ट्रिक स्कूटर से सबसे लंबी यात्रा करने के लिए दर्ज किया गया है। अगर आप इसे खरीदना चाहते हैं तो बता दें कि सभी लागू ऑफर और इंसेंटिव के बाद इसकी एक्स-शोरूम कीमत नई दिल्ली में 1,43,990 रुपये रखी गई है।
Vida VX2 Plus 4.4 kWh के फीचर्स
नए VIDA VX2 Plus में दो रिमूवेबल 2.2 kWh लिथियम-आयन बैटरी दी गई हैं, जिससे इसकी कुल बैटरी क्षमता 4.4 kWh हो जाती है। कंपनी का दावा है कि यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर IDC प्रमाणित 187 किलोमीटर तक की रेंज देता है। इसी वजह से यह देश के सबसे ज्यादा रेंज देने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटरों में शामिल हो गया है।
स्कूटर में 6 kW पीक पावर वाली इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 26 Nm टॉर्क पैदा करती है। इसकी टॉप स्पीड 90 किमी प्रति घंटा है। इसमें इको, राइड और स्पोर्ट जैसे तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं। साथ ही बूस्ट मोड भी मिलता है, जो ओवरटेक करते समय तेज एक्सेलरेशन देने में मदद करता है।
चार्जिंग के लिए कंपनी ने पहली बार 1 kW पोर्टेबल चार्जर दिया है। इसकी मदद से बैटरी 3 घंटे 30 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है। वहीं, DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा से यही काम केवल 65 मिनट में पूरा किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, VIDA ग्राहकों को देशभर में 6,000 से ज्यादा फास्ट चार्जिंग स्टेशन और 700 से अधिक सर्विस टचपॉइंट्स का नेटवर्क मिलेगा। इसके अलावा नए मॉडल में फीचर्स और इक्विपमेंट को भी पहले के मुकाबले बेहतर बनाया गया है।
