ऑटो न्यूज़

फरवरी में गाड़ियों की हुई छप्पर फाड़ बिक्री, साल दर साल बिक्री में आया 13 प्रतिशत का उछाल

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Mar 7, 2024, 08:29 PM IST

February Vehicle Sales: फरवरी 2024 में पैसेंजर वाहन और टू-व्हीलर्स के साथ कमर्शियल वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है। फरवरी में यात्री वाहनों की अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई।

Image

फरवरी के महीने में यात्री वाहनों की अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • फरवरी में वाहनों की बिक्री में बढ़त
  • सालाना आधार पर 13 प्रतिशत उछाल
  • फरवरी में अब तक की सर्वाधिक बिक्री

February Vehicle Sales: फरवरी में यात्री और दोपहिया वाहनों समेत सभी खंडों में तगड़ी खरीदारी आने से देश में वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़ गई। वाहन वितरकों के संगठन फाडा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पिछले महीने कुल 20,29,541 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 17,94,866 इकाई थी। यात्री वाहन खंड में पिछले महीने बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 3,30,107 इकाई हो गई, जो फरवरी, 2023 में 2,93,803 इकाई थी।

फाडा का क्या आया बयान

'फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन' (फाडा) के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने एक बयान में कहा, "फरवरी के महीने में यात्री वाहनों की अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई। नए उत्पादों की रणनीतिक पेशकश और वाहनों की उपलब्धता बढ़ने की इसमें अहम भूमिका रही।"

टू-व्हीलर्स की 13 प्रतिशत बढ़त

पिछले महीने दोपहिया वाहनों की बिक्री 13 प्रतिशत बढ़कर 14,39,523 इकाई रही, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 12,71,073 इकाई थी। सिंघानिया ने कहा कि दोपहिया वाहन खंड में वृद्धि के पीछे ग्रामीण क्षेत्र की मांग, प्रीमियम मॉडलों की चाहत, व्यापक उत्पाद उपलब्धता और दिलचस्प ऑफर की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि शादियों के मौसम और बेहतर आर्थिक स्थिति जैसे कारकों ने भी इस सकारात्मक वृद्धि में योगदान दिया।

कमर्शियल वाहनों की बिक्री बढ़ी

फरवरी में वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री बढ़कर 88,367 इकाई हो गई, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है। सिंघानिया ने कहा कि नकदी प्रवाह की कमी और चुनाव से संबंधित खरीद स्थगन जैसी बाओं के बावजूद इस खंड में वृद्धि देखी गई, जो इस क्षेत्र के लचीलेपन और क्रमिक सुधार को उजागर करती है। तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री भी पिछले महीने 24 प्रतिशत बढ़कर 94,918 इकाई हो गई। इसी तरह, ट्रैक्टर की बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 76,626 इकाई हो गई।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article