Bike Engine Overheating: अक्सर बाइकर्स को लंबी दूरी तय करते समय बाइक के इंजन ओवरहीटिंग की परेशानी आती है। अगर समय रहते इस परेशानी की ओर ध्यान न दिया जाए तो इंजन की परफॉर्मेंस घट सकती है कुछ स्थितियों में गंभीर मैकेनिकल नुकसान भी हो सकता है। ऐसा आपके साथ न हो इसके लिए इंजन ओवरहीटिंग के कारणों को समझना और सही समय पर समाधान बेहद जरूरी है।
इंजन ओवरहीटिंग के प्रमुख कारण
सबसे पहले इंजन ओवरहीटिंग के प्रमुख कारणों को ही जानने का प्रयास करते हैं-
इंजन ऑयल की कमी
इंजन ऑयल मोटर के हिस्सों को चिकनाई देता है और घर्षण कम करता है। अगर ऑयल का स्तर कम है या ऑयल पुराना हो चुका है तो इंजन ज्यादा गर्म हो सकता है।
कूलिंग सिस्टम की समस्या
लिक्विड-कूल्ड बाइक्स में कूलेंट की कमी या रेडिएटर में खराबी से तापमान तेजी से बढ़ सकता है। एयर-कूल्ड इंजन में गंदगी या धूल जमी होने से भी हवा का प्रवाह बाधित होता है।
लगातार हाई स्पीड पर चलाना
लंबे समय तक तेज गति से बाइक चलाने या ट्रैफिक में क्लच आधा दबाकर रखने से इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे तापमान बढ़ सकता है।
खराब स्पार्क प्लग या फ्यूल मिक्सचर
गलत एयर-फ्यूल मिक्सचर या खराब स्पार्क प्लग भी इंजन को जरूरत से ज्यादा गर्म कर सकता है।
ओवरहीटिंग को कैसे ठीक करें?
इंजन ऑयल की जांच करें
नियमित अंतराल पर इंजन ऑयल का स्तर और गुणवत्ता जांचें। जरूरत पड़ने पर कंपनी द्वारा सुझाया गया ऑयल बदलें।
कूलेंट और रेडिएटर की देखभाल
अगर आपकी बाइक लिक्विड-कूल्ड है, तो कूलेंट लेवल चेक करें। रेडिएटर फिन्स को साफ रखें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे।
बाइक को आराम दें
लंबी दूरी तय करते समय बीच-बीच में बाइक को कुछ मिनट का आराम दें। इससे इंजन का तापमान सामान्य हो जाता है।
सर्विसिंग कराएं
समय-समय पर अधिकृत सर्विस सेंटर पर बाइक की सर्विस कराएं। स्पार्क प्लग, एयर फिल्टर और फ्यूल सिस्टम की जांच जरूरी है।
इन बातों का रखें ध्यान
- ट्रैफिक में क्लच को लगातार आधा दबाकर न रखें।
- गर्मी में बाइक को सीधे धूप में लंबे समय तक पार्क न करें।
- हमेशा सही ग्रेड का फ्यूल और इंजन ऑयल इस्तेमाल करें।
