ऑटो न्यूज़

BharatBenz की दो नई बसें लॉन्च, मिलेगी AMT तकनीक और कई एडवांस फीचर्स; जानिए क्या है खास

डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स (DICV) ने दो नई बसें लॉन्च की हैं। दोनों ही बस को अलग-अलग जरूरतों के लिए पेश किया गया है।

Image

BharatBenz की दो नई बसें लॉन्च

अग्रणी वाणिज्यिक वाहन निर्माता डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स (DICV) ने BharatBenz TorqShift 1926 AMT हेवी-ड्यूटी बस चेसिस और 8 मीटर लंबी पूरी तरह निर्मित BharatBenz 917 बस को पेश किया है। इन दोनों ही बस को अलग-अलग जरूरतों के लिए पेश किया गया है।

BharatBenz TorqShift 1926

सबसे पहले BharatBenz TorqShift 1926 की बात करें तो इसे खास तौर पर इंटरसिटी रूट्स और स्टाफ ट्रांसपोर्ट के लिए तैयार किया है। इसमें कंपनी की TorqShift ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (AMT) तकनीक दी गई है, जो सड़क और ड्राइविंग परिस्थितियों के अनुसार अपने आप सही गियर को चुनती है। इससे बार-बार क्लच और गियर बदलने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे ड्राइवर की थकान कम होती है और लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक बनती है।

बस में 260 HP का जर्मन-इंजीनियर्ड इंजन दिया गया है, जो बेहतर प्रदर्शन के साथ ईंधन दक्षता भी प्रदान करता है। कंपनी का दावा है कि यह बस लगभग 500 किलोमीटर तक की इंटरसिटी यात्राओं के लिए बेहतर है और कई परिस्थितियों में दो ड्राइवर रखने की आवश्यकता भी कम कर सकती है।

कई एडवांस फीचर्स से लैस

नई TorqShift 1926 बस चेसिस में कई आधुनिक तकनीकें दी गई हैं। इसमें इंटेलिजेंट इको रोल, मल्टीपल ड्राइव मोड, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) के साथ तापमान निगरानी, क्रूज़ कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, क्लच ओवरलोड मॉनिटरिंग, ग्लाइड एयर सस्पेंशन, मेंटेनेंस-फ्री यूनिटाइज्ड हब बेयरिंग और 5-स्टेज इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रिटार्डर जैसे फीचर्स शामिल हैं। ये सभी तकनीकें बस की सुरक्षा, स्थिरता और कम परिचालन लागत सुनिश्चित करने में मदद करती हैं।

BharatBenz 917

दूसरी ओर, कंपनी ने BharatBenz 917 को स्कूल, संस्थानों और स्टाफ ट्रांसपोर्ट की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। 8 मीटर लंबी यह बस उन सड़कों पर भी आसानी से चल सकती है, जहां बड़ी बसों का संचालन मुश्किल होता है। इसका कॉम्पैक्ट आकार इसे शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लिए उपयुक्त बनाता है।

सुरक्षा और आराम पर खास जोर

BharatBenz 917 में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसमें एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल (EVSC), सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट, बड़ा इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म और फायर प्रोटेक्शन सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा, प्रीमियम वेरिएंट में PM2.5 HEPA एयर फिल्टर का विकल्प भी मिलेगा। यात्रियों के आराम के लिए बस में रिट्रैक्टेबल लोअर फुटस्टेप, एर्गोनॉमिक सीटें, पावरफुल एयर कंडीशनिंग, एंटी-स्किड फ्लोरिंग और सीट के नीचे स्टोरेज स्पेस जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।

पूरे भारत में मिलेगी बिक्री और सर्विस

कंपनी के अनुसार, दोनों नए मॉडल देशभर में मौजूद 420 से अधिक BharatBenz बिक्री और सर्विस केंद्रों पर उपलब्ध होंगे। ग्राहकों की सुविधा के लिए कंपनी ने 20 से अधिक बैंकों और NBFCs के साथ साझेदारी भी की है, जहां से प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों पर फाइनेंस की सुविधा मिल सकेगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article