Bajaj Chetak अब पहले से ज्यादा एडवांस और फीचर-लोडेड अवतार में सामने आ गया है। कंपनी ने अपने इस पॉपुलर इलेक्ट्रिक स्कूटर को अपडेट करते हुए इसमें कई नए फीचर्स जोड़े हैं, जिनमें सबसे बड़ा अपडेट Google Maps का इंटीग्रेशन है। Bajaj Chetak का 2026 मॉडल भारत में 91,504 रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। जहां एंट्री-लेवल वेरिएंट पहले के मुकाबले करीब 5,000 रुपये तक सस्ता हुआ है, हालांकि कुछ दूसरे वेरिएंट्स की कीमत में बढ़ोतरी भी देखी गई है।
स्कूटर को मिला नया नेमिंग सिस्टम
इस अपडेटेड इलेक्ट्रिक स्कूटर में नया नेमिंग सिस्टम अपनाया गया है, जिसमें ‘C’ सीरीज का इस्तेमाल किया गया है। लोअर वेरिएंट्स में नए फीचर्स जोड़े जाने से अब ये पहले के मुकाबले ज्यादा वैल्यू फॉर मनी ऑफर करते हैं। फिलहाल Chetak रेंज कुल पांच वेरिएंट्स – C2501, C3001, C3501, C3502 और C3503 में उपलब्ध है, जिससे ग्राहकों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार विकल्प चुनने की सुविधा मिलती है।
स्कूटर में मिली Google Maps नेविगेशन की सुविधा
नए अपडेट के तहत चेतक के टॉप वेरिएंट में अब Google Maps नेविगेशन सीधे स्कूटर की स्क्रीन पर मौजूद होगा। इसका मतलब है कि अब राइडर को रास्ता देखने के लिए अलग से मोबाइल ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे पहले स्कूटर चलान के साथ रास्तों की जानकारी के लिए फोन इस्तेमाल करने की जरूरत पड़ती थी। नए फीचर की बात करें तो यह Chetak ऐप के जरिए काम करेगा और रियल-टाइम नेविगेशन का एक्सपीरियंस, जिससे शहर में सफर करना और आसान हो जाएगा।
स्कूटर की परफॉर्मेंस में भी हुआ सुधार
कंपनी ने केवल कनेक्टिविटी ही नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस में भी सुधार किया है। नए अपडेट के साथ चेतक की टॉप स्पीड भी बढ़ गई है। जहां पहले स्कूटर की टॉप स्पीड करीब 73 किमी/घंटा तक थी, वहीं अब टॉप वेरिएंट में यह 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। साथ ही मोटर की पावर भी बढ़ाई गई है, जिससे स्कूटर की परफॉर्मेंस और बेहतर हो गई है।
कंपनी की ओर से स्कूटर के चार्जिंग टाइम में भी सुधार किया गया है। मिड वेरिएंट अब पहले के मुकाबले तेजी से चार्ज होता है और 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में करीब 2 घंटे 55 मिनट का समय लेता है, जो पहले से काफी कम है।
इसके अलावा, स्कूटर में Eco और Sport जैसे राइडिंग मोड अब स्टैंडर्ड तौर पर दिए जा रहे हैं, जो पहले अतिरिक्त पैकेज के साथ मिलते थे। Hill Hold Assist जैसे फीचर भी अब शामिल कर दिए गए हैं, जिससे ढलान या चढ़ाई पर स्कूटर को संभालना आसान हो जाता है।
स्कूटर को लेकर एक और खास फीचर OTA (Over-the-Air) अपडेट्स है, जिसकी मदद से यूजर्स बिना सर्विस सेंटर जाए अपने स्कूटर का सॉफ्टवेयर अपडेट कर सकते हैं। इससे नई सुविधाएं और सुधार सीधे घर बैठे मिल जाएंगे।
