ऑटो न्यूज़

फंसा हुआ गियरबॉक्स और सुनसान सड़क? घबराएं नहीं, ये आसान स्टेप्स बचा सकते हैं आपका पैसा!

Automatic Gearbox Stuck: अगर आपकी कार का ऑटोमैटिक गियरबॉक्स अचानक फंस जाए और गाड़ी “Park” से बाहर न आए या एक ही गियर में अटक जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान उपाय आजमाकर इस बड़ी परेशानी और अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं।

Image

फंसा हुआ गियरबॉक्स न कर दे परेशान (Photo: AI Generated)

Automatic Gearbox Stuck: आप की ऑटोमैटिक कार में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स (Automatic Gearbox) ऐसा सिस्टम है, जो गाड़ी की स्पीड और इंजन की आरपीएम के अनुसार अपने-आप गियर बदलता है। इसमें ड्राइवर को क्लच दबाने या बार-बार गियर शिफ्ट करने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे ड्राइविंग आसान और आरामदायक हो जाती है। यह फीचर खासकर शहर के ट्रैफिक में कार चालक के लिए काम का साबित होता है। लेकिन क्या हो अगर बीच रास्ते ड्राइविंग के दौरान ही ऑटोमैटिक गियरबॉक्स फंस जाए। ऐसी स्थिति में कोई भी परेशान हो सकता है और टो ट्रक को बुलाए जाने का रास्ता ही नजर आ सकता है। लेकिन बहुत कम कार चालकों को जानकारी होती है कि कुछ ट्रिक्स को अपना कर इस परेशानी से निपटा जा सकता है। इस आर्टिकल में ऐसी स्थिति में फंसने पर कुछ ऐसे ही उपाय बताने जा रहे हैं, जो आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं-

दो तरह की हो सकती है परेशानी

पहले यही समझें की ऐसी स्थिति में आपकी गाड़ी के साथ दो तरह की परेशानी आ सकती है। पहली गियर शिफ्टर का पार्क (P) से बाहर न आ पाना। दूसरी गाड़ी चलाते समय एक ही गियर में अटक जाना, जिसे अक्सर लिम्प मोड कहा जाता है।

परेशानी का उपाय

ब्रेक पेडल को ठीक से दबाएं

कई बार गाड़ी “पार्क (P)” से बाहर इसलिए नहीं आती क्योंकि ब्रेक पेडल पूरी तरह दबाया नहीं गया होता ऑटोमैटिक कारों में सेफ्टी फीचर होता है, जो ब्रेक दबाए बिना गियर बदलने नहीं देता।

गियर शिफ्ट लॉक रिलीज बटन देखें

अधिकांश कारों में गियर लीवर के पास एक छोटा सा “शिफ्ट लॉक रिलीज” स्लॉट होता है। कार की चाबी या किसी पतली चीज से इसे दबाकर आप गियर को न्यूट्रल में ला सकते हैं। यह फीचर इमरजेंसी के लिए दिया जाता है।

बैटरी की जांच करें

अगर कार की बैटरी कमजोर या डिस्चार्ज है, तो गियर शिफ्ट में दिक्कत आ सकती है। डैशबोर्ड लाइट्स चेक करें। अगर बैटरी में समस्या है तो जंप-स्टार्ट करने से गाड़ी सामान्य हो सकती है।

स्टीयरिंग व्हील को हल्का हिलाएं

कभी-कभी स्टीयरिंग लॉक होने के कारण भी गियर नहीं बदलता। ऐसे में ब्रेक दबाते हुए स्टीयरिंग को हल्का दाएं-बाएं घुमाएं और फिर गियर बदलने की कोशिश करें।

ट्रांसमिशन फ्लूइड लेवल चेक करें

कम या गंदा ट्रांसमिशन फ्लूइड भी गियर फंसने का कारण हो सकता है। अगर संभव हो तो फ्लूइड लेवल और उसकी स्थिति की जांच करें। जरूरत हो तो सर्विस सेंटर पर दिखाएं।

इन उपायों को अपनाने के बाद भी परेशानी का हल नहीं निकलता है तो विशेषज्ञ मैकेनिक या टो ट्रक की मदद लेने की सलाह दी जाती है। समय पर जांच करवाना आपकी कार और आपकी सुरक्षा दोनों के लिए जरूरी है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article