विदेशियों ने भी माना Mahindra XUV700 का लोहा, जबरदस्त सेफ्टी के लिए दिया ये अवॉर्ड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 24, 2022, 11:04 AM IST

Mahindra बीते कई साल से अपनी कारों को सेफ्टी में बेहतर से बेहतरीन बनाने का काम कर रही है. इसके परिणाम भी आने शुरू हो गए हैं और कंपनी की सबसे ताजा XUV700 को ग्लोबल NCAP ने ‘सेफर चॉइस’ अवॉर्ड से नवाजा है.

विदेशियों ने भी माना Mahindra XUV700 का लोहा, जबरदस्त सेफ्टी के लिए दिया ये अवॉर्ड

Mahindra XUV700 ‘Safer Choice’ Award: भारतीय बाजार में अब ग्राहक किफायती और माइलेज देने वाली कारों के साथ सेफ्टी पर भी खासा ध्यान देने लगे हैं. वाहन निर्माता कंपनियां भी अपने वाहनों को ज्यादा से ज्यादा सुरक्षित बनाने पर पहले से ज्यादा काम करने लगी हैं. इसके लिए सरकार भी सख्त हो गई है और कई सारे सेफ्टी फीचर्स अब अनिवार्य कर दिए गए हैं और यही वजह है कि ग्लोबल NCAP के क्रैश टेस्ट में अब भारतीय कारें बेहतर परफॉर्म कर रही हैं और तगड़ी सेफ्टी रेटिंग हासिल करने लगी हैं. इनमें से एक SUV है महिंद्रा XUV700.

किन कारों को मिलता है ये अवॉर्ड?

सेफर कार्स फॉर इंडिया कैंपेन के तहत ग्लोबल NCAP द्वारा किए गए क्रैश टेस्ट में पहले ही महिंद्रा XUV700 सेफ्टी में पूरे 5-स्टार रेटिंग हासिल कर चुकी है. अब इस SUV को सेफर चॉइस अवॉर्ड से नवाजा गया है. ये अवॉर्ड उन कारों को दिया जाता है जो सेफ्टी के पैमानों पर सबसे ज्यादा अंक हासिल करती हैं और यूनाइटेड नेशंस रेगुलेशंस यूएन13एच, यूएन140 या जीटीआर8 के मापदंडों पर खरी उतरती हैं. इसमें इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स कितना कारगर है, इसकी भी जांच की जाती है.

पहली बार नहीं मिला महिंद्रा को ये अवॉर्ड

महिंद्रा की XUV700 पहली कार नहीं है जिसे सेफर चॉइस अवॉर्ड मिला है, इससे पहले 2020 में महिंद्रा XUV300 भी ये अवॉर्ड हासिल कर चुकी है. इस मॉडल को वयस्कों की सेफ्टी के लिए 5-स्टार और बच्चों की सेफ्टी के लिए 4-स्टार रेटिंग दी गई थी. XUV700 की बात करें तो इस SUV के साथ महिंद्रा ने तगड़े सेफ्टी फीचर्स दिए हैं जिनमें सबसे आधुनिक एडीएएस यानी एडवांस्ड ड्राइवर्स असिस्टेंट सिस्टम टेक्नोलॉजी है. इस तकनीक की मदद से XUV700 बहुत सेफ कार बनती है.

End of Article