ऑटो न्यूज़

नए अंदाज में पेश हुई 2023 Hyundai Aura Facelift, 11,000 रुपये के साथ शुरू हुई बुकिंग

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jan 10, 2023, 10:47 AM IST

Hyundai India ने नई Aura Facelift से पर्दा हटा लिया है जिसके लिए 11,000 रुपये के साथ बुकिंग शुरू कर दी गई है. कंपनी Auto Expo 2023 में इन दोनों कारों को शोकेस करेगी और संभवतः यहीं इन्हें लॉन्च किया जाएगा.

Image

ह्यून्दे इंडिया ने 11,000 रुपये टोकन के साथ इस कार के लिए बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है.

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • नई ह्यून्दे ऑरा फेसलिफ्ट से हटा पर्दा
  • 11,000 रुपये टोकन के साथ बुकिंग शुरू
  • ऑटो एक्सपो 2023 में हो सकती है लॉन्च

Hyundai Aura Facelift: ह्यून्दे इंडिया ने 2023 ऑरा फेसलिफ्ट से पर्दा हटा लिया है और कंपनी ऑटो एक्सपो में इस नई कॉम्पैक्ट सेडान की कीमत का ऐलान करने वाली है. कंपनी ने नई ऑरो के एक्सटीरियर और इंटीरियर में बदलाव करने के अलावा इसे नए और आधुनिक फीचर्स से लैस किया है. ह्यून्दे इंडिया ने 11,000 रुपये टोकन के साथ इस कार के लिए बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है. बता दें कि ऑरा फेसलिफ्ट के अलावा कंपनी ऑटो एक्सपो 2023 में नई ग्रैंड आई10 निओस फेसलिफ्ट भी लॉन्च करने वाली है जो दिखने में पहले से ज्यादा आकर्षक हो गई है.

बाहर से कितनी बदली कार

सबसे बड़ा बदला नई ह्यून्दे ऑरा फेसलिफ्ट के चेहरे में नजर आया है जहां प्रीमियम अंदाज के अलावा दो हिस्सों में बंटी ग्रिल दी गई है. ग्रिल और बोनट के बीच पतला पोर्शन दिया गया है जहां ह्यून्दे का लोगो लगा है, वहीं नीचे का पूरा हिस्सा ग्रिल और बंपर ने घेरा हुआ है. यहां एल शेप के एलईडी डेटाइम रनिंग लैंप्स बंपर के कोनों में दिए गए हैं, इसके अलावा फेसलिफ्ट मॉडल में फॉग लैंप्स नदारद हैं. कार के प्रोफाइल और पिछले हिस्से में बड़े बदलाव देखने को नहीं मिले हैं, हालांकि बूट लिड स्पॉइलर और नया स्टारी नाइट कलर यहां नया है.

केबिन और फीचर्स में बदलाव

नई ऑरा फेसलिफ्ट का केबिन लगभग पहले जैसा है, लेकिन सीट्स के लिए नई अपहोल्स्ट्री, लैदर से ढंका स्टीयरिंग और फुटवेल के लिए नई लाइटिंग कार को मिली है. पुराने फीचर्स में 8-इंच टचस्क्रीन के साथ एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो, रियर एसी वेंट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और वायरलेस चार्जर के अलावा नए फीचर्स मिले हैं. इन फीचर्स में नया टाइप सी चार्जिंग पोर्ट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए नया 3.5-इंच डिजिटल डिस्प्ले शामिल हैं. सेफ्टी की बात करें तो 4 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी स्टैंडर्ड हैं, वहीं विकल्प में 6 एयरबैग्स, ईएससी और हिल असिस्ट कंट्रोल मिले हैं.

कोई तकनीकी बदलाव नहीं मिला

2023 ह्यून्दे ऑरा फेसलिफ्ट के साथ पहले जैसे इंजन विकल्प मिले हैं, इनमें से पहला 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन है जो 83 एचपी ताकत और 113.8 एनएम पीक टॉर्क बनाता है. ये इंजन 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स के साथ आता है. इसके अलावा फैक्ट्री फिटेड सीएनजी किट के साथ यही इंजन 69 एचपी ताकत और 95.2 एनएम पीक टॉर्क क्षमता वाला हो जाता है. भारतीय मार्केट में इस कार का मुकाबला टाटा टिगोर, होंडा अमेज और मारुति सुजुकी डिजायर से होने वाला है.

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्ले author

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडी... और देखें

End of Article