Dhan ki Kharid Date: उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ सत्र 2025-26 के लिए धान खरीद की तैयारी पूरी कर ली है। राज्य सरकार ने जानकारी दी है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी संभागों में 1 नवंबर से धान की खरीद शुरू होगी जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। सरकार ने इस बार किसानों की सुविधा के लिए केंद्रों की संख्या बढ़ाई है और भुगतान की प्रक्रिया को भी तेज किया है।
किन-किन संभागों में होगी धान की खरीद
1 नवंबर से चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज संभागों में धान की खरीद शुरू होगी। इसके साथ ही लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिले में भी 1 नवंबर से खरीद शुरू की जाएगी।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़ और झांसी संभागों में धान की खरीद पहले से ही 1 अक्टूबर से चल रही है। लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों में भी खरीद पहले से जारी है।
अब तक कितनी हुई खरीद
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक सरकार ने बताया कि 60 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया गया है। 23 अक्टूबर तक पश्चिमी और मध्य यूपी के जिलों में 35.63 हजार टन से अधिक धान की खरीद हो चुकी है। इसके लिए राज्य में 4000 क्रय केंद्र (खरीद केंद्र) खोलने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 3790 केंद्र पहले ही स्थापित हो चुके हैं।
किसानों का पंजीकरण और भुगतान व्यवस्था
धान बेचने के लिए किसानों का पंजीकरण 1 सितंबर से शुरू किया गया था। 23 अक्टूबर तक 1,37,166 किसानों ने अपना पंजीकरण कराया है। सरकार ने सभी केंद्रों को यह निर्देश दिया है कि किसानों को धान बेचने के बाद 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाए। खरीद केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे।
धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP)
इस वर्ष सरकार ने धान के एमएसपी में बढ़ोतरी की है। ‘सामान्य धान’ का एमएसपी 2369 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है। ‘ग्रेड-ए धान’ का एमएसपी 2389 रुपये प्रति कुंतल रहेगा। यह पूरी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाएगी ताकि किसानों को उचित दाम मिल सके।
