Agra News: आगरा में खौफनाक मामला, हवालात में फांसी के फंदे पर लटका दुष्कर्म का आरोपी,​ फिर हुआ ये...

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 28, 2022, 05:51 PM IST

Agra News: आगरा में एक आरोपी ने हवालात में आत्महत्या करने की कोशिश की। इससे पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आनन-फानन आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया।

Agra News: आगरा में खौफनाक मामला, हवालात में फांसी के फंदे पर लटका दुष्कर्म का आरोपी,​ फिर हुआ ये...
Photo Credit: BCCL

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में हवालात में बंद दुष्कर्म के आरोपी ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने आनन-फानन में आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गंभीर हालत होने के चलते उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। उधर, घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने थानाध्यक्ष को मामले की छानबीन कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि अभी आरोपी गंभीर हालत में है, उसके होश में आने के बाद पूछताछ की जाएगी। युवक पर एत्माद्दौला क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। इस मामले में पीड़ित छात्रा के पिता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।  

आरोप: धमकी देकर करता रहा शोषण

आरोप था कि आरोपी ने दुष्कर्म के दौरान छात्रा के अश्लील फोटो खींच लिए थे। इसके बाद आरोपी फोटो को वायरल करने की धमकी देकर छात्रा का शोषण करता रहा। इस बीच पीड़ित छात्रा दो महीने तक घर से भी नहीं निकली। लेकिन मामला पुलिस थाने तक पहुंचा तो आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वहीं पुलिस ने सोमवार की सुबह आरोपी को दबोच लिया और उसे हवालात में बंद कर दिया। हवालात में उसके अलावा दो अन्य आरोपी भी थे। दोनों आरोपियों के सो जाने पर धर्मेश ने गेट से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि इसी दौरान अन्य दोनों आरोपियों की आंख खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया। अभी आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है।

बवाल की थी आशंका, मौके पर पहुंचा भारी पुलिस फोर्स

उधर, घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं बवाल की आशंका पर कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी। एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही दो और मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एक छेड़छाड़ और दूसरा दुष्कर्म का मामला दर्ज है। बताया गया कि आरोपी शादीशुदा भी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!