Zohran Mamdani: न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी का अंदाज अक्सर सुर्खियां बटोरता है। वह हमेशा खुशमिजाज नजर आते हैं और लोगों से बड़े तहजीब से मिलते हैं, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाता है। एक बार फिर जोहरान ममदानी ने ऐसा कुछ किया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। दरअसल, ममदानी ने न्यूयॉर्क शहर में समर पूल सीजन की शुरुआत के मौके पर ईस्ट हार्लेम के एक सार्वजनिक स्विमिंग पूल में सूट और टाई पहनकर छलांग लगा दी।
रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क सिटीहॉल की एक पुरानी परंपरा रही है, जिसमें मेयर गर्मियों के सार्वजनिक पूल सीजन की शुरुआत के दौरान पानी में उतरते थे। पिछले एक दशक से ज्यादा समय से इस परंपरा का पालन नहीं किया गया था। ममदानी ने इसी परंपरा को फिर से जिंदा कर दिया। ममदानी, 2013 के बाद न्यूयॉर्क शहर के पहले ऐसे मेयर बने जिन्होंने वार्षिक पूल-ओपनिंग परंपरा में हिस्सा लिया। एरिक एडम्स और बिल डी ब्लासियो के कार्यकाल में इस परंपरा का पालन नहीं किया गया था, जबकि माइकल ब्लूमबर्ग इसमें भाग लेने वाले आखिरी मेयर थे।
कार्यक्रम के दौरान मेयर बच्चों और स्थानीय लोगों के बीच पहुंचे और फिर औपचारिक कपड़ों में ही पूल में उतर गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कुछ लोगों ने इसे जनता से जुड़ने का अनोखा तरीका बताया।
सूट पहनकर स्विमिंग पूल में क्यों लगाई छलांग?
इतना ही नहीं, ममदानी ने यह भी बताया कि आखिर वह सूट पहनकर स्विमिंग पूल में क्यों उतर गए। दरअसल, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "जब उन्होंने कहा 'सूट पहनें', तो मैंने बस यही समझ लिया।" ममदानी ने अपने भीगे हुए कपड़ों में पत्रकारों से कहा, "हमें अपने शहर में सार्वजनिक तैराकी के 90 साल पूरे होने का जश्न मनाते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह एक ऐसा मौका है जिसे न्यूयॉर्क के पांचों इलाकों में लोग मना रहे हैं।"
कब शुरू हुई थी ये परंपरा?
इस परंपरा की शुरुआत साल 1936 में हुई थी। उस समय न्यूयॉर्क के मेयर फियोरेलो लागुआर्डिया ने शहर में सार्वजनिक स्विमिंग पूल सुविधाओं का बड़े स्तर पर विस्तार किया था। यह पहल तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट के वर्क्स प्रोग्रेस एडमिनिस्ट्रेशन (WPA) कार्यक्रम के समर्थन से शुरू हुई थी। इसके तहत पूरे शहर में 11 नए सार्वजनिक स्विमिंग पूल बनाए गए।
ये पूल अपनी खास डिजाइन और उस समय की आधुनिक पानी साफ करने वाली तकनीक (क्लोरीनीकरण और फिल्ट्रेशन सिस्टम) के लिए मशहूर हुए। लगभग 90 साल बाद भी ये सार्वजनिक पूल न्यूयॉर्क के लोगों की सेवा कर रहे हैं।
