दुनिया

परमाणु ब्लैकमेल के आगे कभी नहीं झुकेगा भारत, बर्दाश्त नहीं करेंगे आतंकवाद, जर्मनी में एस जयशंकर की दो टूक

अपने जर्मन समकक्ष जोहान वेडफुल के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि भारत पाकिस्तान के साथ पूरी तरह से द्विपक्षीय तरीके से निपटेगा और इस संबंध में किसी भी तरफ कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।

Image

एस जयशंकर ने पाकिस्तान को सुनाई खरी-खरी (File photo)

Photo : PTI

Zero-Tolerance For Terrorism: पाकिस्तान के साथ जारी तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाक आतंकियों के ठिकानों पर जबरदस्त कार्रवाई के बाद भारत ने दुनियाभर को संदेश देना शुरू कर दिया है कि वह आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि भारत आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करता और नई दिल्ली परमाणु ब्लैकमेल के आगे कभी नहीं झुकेगा। अपने जर्मन समकक्ष जोहान वेडफुल के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि भारत पाकिस्तान के साथ पूरी तरह से द्विपक्षीय तरीके से निपटेगा और इस संबंध में किसी भी तरफ कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।

भारत आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा

जयशंकर इन दिनों अपनी तीन देशों की यूरोप यात्रा के तहत जर्मनी में हैं। उन्होंने कहा, मैं पहलगाम आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया के तुरंत बाद बर्लिन आया था। मैं आपसे वह साझा करना चाहता हूं जो मैंने उस संदर्भ में मिस्टर वेडफुल को बताया। भारत आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करता है। भारत कभी भी परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा। भारत, पाकिस्तान के साथ पूरी तरह से द्विपक्षीय तरीके से निपटेगा। इस संबंध में किसी भी तरफ कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।

आतंकवाद के खिलाफ खुद का बचाव करने का अधिकार

उन्होंने यह भी कहा कि भारत जर्मनी की इस समझ को महत्व देता है कि हर देश को आतंकवाद के खिलाफ खुद का बचाव करने का अधिकार है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने कूटनीतिक पहल शुरू की है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नई सामान्य स्थिति की घोषणा की है, जिसके तहत नई दिल्ली सीमा पार से होने वाले किसी भी आतंकी हमले को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई मानेगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article