दुनिया

'एक इंच भी नहीं छोड़ेंगे अपनी जमीन', अमेरिकी दबाव के बीच जेलेंस्की की दो टूक; जुटा रहे यूरोप का समर्थन

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने किसी भी क्षेत्र को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि रूस इस बात पर जोर दे रहा है कि हम अपने क्षेत्र उसे सौंप दें। इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन हम कुछ भी नहीं छोड़ना चाहते। आखिर हम इसी के लिए तो लड़ रहे हैं।

zelenskyy

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की

Photo : AP

तीन साल से भी ज्यादा समय से जारी रूस और यूक्रेन की जंग को शांत कराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जोर-शोर से कोशिश में जुटे हैं। समझौते के लिए बढ़ते अमेरिकी दबाव के बीच जेलेंस्की जहां यूरोप में अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हैं वहीं, उन्होंने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वे अपनी जमीन का एक भी हिस्सा नहीं छोड़ेंगे। जेलेंस्की के इस रवैये पर अमेरिकी राष्ट्रपति नाराजगी भी जता चुके हैं। ट्रंप का कहना है कि जेलेंस्की को रूस के साथ समझौता कर लेना चाहिए।

....आखिर हम इसलिए ही तो लड़ रहे हैं

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने किसी भी क्षेत्र को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि रूस इस बात पर जोर दे रहा है कि हम अपने क्षेत्र उसे सौंप दें। इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन हम कुछ भी नहीं छोड़ना चाहते। आखिर हम इसी के लिए तो लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्या हम कोई क्षेत्र छोड़ने पर विचार कर रहे हैं? यूक्रेन के कानूनों का हवाला देते हुए जेलेंस्की ने कहा कि हमारे पास ऐसा कोई अधिकार नहीं है। यूक्रेन के कानून, हमारे संविधान, अंतरराष्ट्रीय कानून और सच कहूं तो हमारे पास नैतिक अधिकार भी नहीं है।

ट्रंप डाल रहे जेलेंस्की पर दबाव

वहीं, दूसरी ओर ‘पोलिटिको’ के साथ एक साक्षात्कार में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से जेलेंस्की पर अमेरिका के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए दबाव डाला। ट्रंप का प्रस्ताव है कि यूक्रेन को संघर्ष खत्म करने के लिए रूस को कुछ क्षेत्र सौंप देने चाहिए। संघर्षविराम के लिए ट्रंप के समझौता मसौदे का यह प्रस्ताव कीव लगातार खारिज कर रहा है।

ट्रंप की नाराजगी के बीच यूरोप का समर्थन जुटा रहे जेलेंस्की

वहीं, दूसरी ओर ट्रंप की नाराजगी के बीच यूक्रेंनी राष्ट्रपति यूरोपीय देशों का दौरा कर अपने लिए समर्थन जुटा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने रोम पहुंचने के बाद कास्टेल गंडोल्फो स्थित पोप निवास में पोप लियो 14वें से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर वेटिकन ने बयान जारी किया है। वेटिकन ने बताया कि पोप ने बातचीत जारी रहने और वर्तमान कूटनीतिक पहलों के माध्यम से न्यायपूर्ण और स्थायी शांति की उम्मीद जताई। जेलेंस्की इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से भी मुलाकात करेंगे।

कीएर स्टार्मर, इमैनुएल मैक्रों और फ्रेडरिक मर्ज़ से भी की थी मुलाकात

इससे पहले, सोमवार को वे लंदन में 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचे थे। जहां उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ बातचीत की। उनकी इस बैठक का उद्देश्य यूक्रेन की स्थिति मजबूत करना था।

अमेरिकी शांति प्रस्ताव में फंसा है बड़ा पेच

इससे पहले, अमेरिकी और यूक्रेनी वार्ताकारों ने शनिवार को तीन दिन की वार्ता पूरी कर ली, जिसका उद्देश्य अमेरिकी प्रशासन के शांति प्रस्ताव पर मतभेदों को दूर करना था। हालांकि इस योजना में एक प्रमुख अड़चन यह है कि यूक्रेन को डोनबास क्षेत्र का नियंत्रण रूस को सौंपना होगा, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगी इसे किसी भी हाल में स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।

रूस ने कल दागे थे 110 ड्रोन

इस बीच, युद्ध के मोर्चे से भी घटनाएं जारी हैं। यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूस ने सोमवार रात देशभर में 110 ड्रोन दागे, जिनमें से 84 को वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया। कई इलाकों में पहले हुए हमलों की वजह से बिजली बहाली प्रभावित है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रूस के कई क्षेत्रों और क्रीमिया में 121 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article