दुनिया

व्हाइट हाउस में अपनी खातिरदारी से गदगद हुए जिनपिंग, ट्रंप-मेलानिया को बोले-'थैंक्यू, आपने मुझे घर जैसा अनुभव कराया'

इस सम्मान के लिए जिनपिंग ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को धन्यवाद दिया। जिनपिंग ने मेजबानों से कहा कि 'आपने मुझे घर जैसा महसूस कराया।' वहीं, ट्रंप ने जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन को उपहार भेंट किया और कहा कि 'अमेरिका और चीन के रिश्ते इससे बेहतर कभी नहीं हुए।'

Image

व्हाइट हाउस में जिनपिंग का सम्मान। तस्वीर-X/White House

Xi Jinping: अमेरिकी दौरे पर पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सम्मान में व्हाइट हाउस में गुरुवार को स्टेट डिनर का आयोजन हुआ। स्टेट डिनर में की गई व्यवस्था और अपनी खातिरदारी से चीनी राष्ट्रपति बेहद प्रसन्न हुए। इस सम्मान के लिए उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को धन्यवाद दिया। जिनपिंग ने मेजबानों से कहा कि 'आपने मुझे घर जैसा महसूस कराया।' वहीं, ट्रंप ने जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन को उपहार भेंट किया और कहा कि 'अमेरिका और चीन के रिश्ते इससे बेहतर कभी नहीं हुए।'

हमें अपने घर जैसा महसूस कराया-जिनपिंग

चीनी राष्ट्रपति ने कहा, 'धन्यवाद, श्रीमान राष्ट्रपति और श्रीमती ट्रंप, मेरी पत्नी और मेरे लिए आपके गर्मजोशी भरे आतिथ्य और शानदार मेजबानी के लिए। आपने और श्रीमती ट्रंप ने हमारी यात्रा के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं की हैं, जिन्हें हर छोटी-बड़ी बात का बारीकी से ध्यान रखते हुए और पूरी संवेदनशीलता के साथ तैयार किया गया है। आपने हमें वास्तव में अपने घर जैसा महसूस कराया है। मैं उन सभी क्षेत्रों के अमेरिकी नागरिकों को भी अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूं, जो चीन-अमेरिका संबंधों को लेकर चिंतित हैं और हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने का समर्थन करते हैं।'

यह हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान है-ट्रंप

जिनपिंग और उनकी पत्नी का स्वागत करते हुए ट्रंप ने कहा, 'यह हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। राष्ट्रपति शी, मैडम पेंग और चीन के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों, मेलानिया और मैं एक बार फिर आपका व्हाइट हाउस में स्वागत करते हुए बेहद प्रसन्न हैं। आप वास्तव में असाधारण और अद्भुत लोग हैं। बीजिंग की मेरी यात्रा के दौरान चीनी लोगों का आतिथ्य पूरी तरह देखने को मिला। हम भी आपको उसी सम्मान और गर्मजोशी का अनुभव कराना चाहते हैं, क्योंकि आप एक दशक से अधिक समय बाद पहली बार वॉशिंगटन लौटे हैं।'

'समृद्धि और सुरक्षा को बढ़ावा दें'

उन्होंने कहा, 'हमारे दोनों देशों के नेताओं के रूप में राष्ट्रपति शी और मैं, दोनों यह समझते हैं कि हम अलग-अलग व्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हमारे लोगों के बीच संबंध कायम हैं और हमारे बीच इससे बेहतर संबंध कभी नहीं रहे। हम मिलकर ऐसे संबंधों को आगे भी मजबूत कर सकते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि और सुरक्षा को बढ़ावा दें।'

व्हाइट हाउस में क्या बोले जिनपिंग

शी ने कहा, ''यह एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ होनी चाहिए, न कि ऐसा संघर्ष जिसमें एक पक्ष जीते और दूसरा हारे।'' शी ने अपने शुरुआती संबोधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना दोनों देशों की जिम्मेदारी है कि ''एआई का संचालन हमेशा मनुष्य के नियंत्रण में रहे''।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article