Karoline Leavitt: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी करोलिन लेविट अगस्त के अंत में अपने पद से इस्तीफा देंगी। ट्रंप ने खुद इस बात की घोषणा की। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, "हमारी शानदार व्हाइट हाउस प्रेस सचिव और मेरी सबसे भरोसेमंद सहायकों में से एक, कैरोलिन लीविट, महीने के अंत में अपना पद छोड़ देंगी ताकि वह अपने प्यारे छोटे बच्चों और परिवार के साथ अधिक समय बिता सकें। कैरोलाइन अब मेरी शीर्ष बाहरी सलाहकारों में से एक होंगी और रिपब्लिकन पार्टी के भीतर एक प्रभावशाली आवाज होंगी।"
28 वर्षीय करोलिन लेविट ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की पुष्टि की। उन्होंने इसे अपने जीवन का भावुक फैसला बताते हुए कहा कि हाल ही में बेटी के जन्म के बाद उन्हें महसूस हुआ कि व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारियों के साथ वह अपने दो छोटे बच्चों को उतना समय नहीं दे पा रही हैं, जितना वह देना चाहती हैं।
कौन हैं करोलिन लेविट?
करोलिन लेविट जनवरी 2025 में व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी बनी थीं और इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की व्यक्ति हैं। ट्रंप के साथ उनका जुड़ाव नया नहीं है। वह ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी व्हाइट हाउस टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में उनकी प्रवक्ता के तौर पर काम किया था। लेविट ने 2022 में न्यू हैम्पशायर से अमेरिकी कांग्रेस का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। इसके बाद वह ट्रंप के राजनीतिक अभियान से जुड़ी रहीं और 2024 में उनकी राष्ट्रपति चुनाव अभियान की प्रवक्ता बनीं।
ट्रंप ने की जमकर तारीफ
डोनाल्ड ट्रंप ने लेविट के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि लेविट आगे भी उनके साथ जुड़ी रहेंगी और व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद बाहरी सलाहकार के तौर पर उनकी मदद करेंगी। ट्रंप ने उन्हें अपने प्रशासन की अहम और भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल किया है। फिलहाल व्हाइट हाउस की ओर से लेविट के उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। उनके जाने के बाद ट्रंप प्रशासन की मीडिया और संचार रणनीति में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
