Donald Trump one year as president: व्हाइट हाउस में बतौर राष्ट्रपति एक साल पूरा होने के मौके पर डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी उपलब्धियों का बखान किया है। उन्होंने ईरान, वेनेजुएला, ग्रीनलैंड, नाटो, यूएन सहित टैरिफ पर बेबाकी से अपनी राय रखी है। ईरान के बारे में ट्रंप ने कहा है कि 'ईरान यदि उनकी हत्या करता है तो अमेरिका उसे दुनिया के नक्शे से मिटा देगा। 'बोर्ड ऑफ पीस' के बारे में ट्रंप ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र का बहुत सम्मान करते हैं लेकिन यह संस्था चुनौतियों, संघर्षों एवं युद्धों का हल ढूंढने में असफल रही है।' ग्रीनलैंड पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के जी 7 की बैठक वाले प्रस्ताव पर ट्रंप ने कहा कि वह इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। इस बीच, वेनेजुएला के तेल पर नियंत्रण पाने की कोशिश में अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला से जुड़े सातवें प्रतिबंधित टैंकर को जब्त किया है।
ईरान ने दी है ट्रंप को धमकी
ट्रंप ने कहा, 'मेरे पास बहुत सख्त निर्देश हैं, अगर मेरे साथ कुछ भी होता है, तो वे उन्हें धरती से मिटा देंगे।' मंगलवार को ईरान ने ट्रंप को चेतावनी दी कि वह देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ कोई कार्रवाई न करें। यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब कुछ दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने खामेनेई के लगभग 40 साल पुराने शासन के अंत की बात कही थी। ईरानी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेकर्ची ने कहा, 'ट्रंप यह अच्छी तरह जानते हैं कि अगर हमारे नेता की ओर आक्रामकता का कोई भी हाथ बढ़ाया गया, तो हम न सिर्फ उस हाथ को काट देंगे बल्कि उनकी पूरी दुनिया को आग में झोंक देंगे।'
तो ईरान को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा-ट्रंप
ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि उन्होंने अपने सलाहकारों को निर्देश दिए हैं कि अगर उनकी हत्या के पीछे ईरान का हाथ पाया गया, तो ईरान को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाए। वेनेजुएला के बारे में ट्रंप ने कहा, 'हमारा देश वेनेजुएला और ईरान पर हमला करने को लेकर गर्व महसूस करता है। उनकी परमाणु क्षमता को खत्म कर दिया गया है। कासिम सुलेमानी, जो रोडसाइड बमों का जनक था, और अल-बगदादी, जो आईएसआईएस का जनक था—वे आईएसआईएस को फिर से खड़ा कर रहे थे। हमने उन्हें खत्म कर दिया। काम पूरा हुआ। हमने बहुत शानदार काम किया।'
ट्रंप ने कहा-यूएन को चलने देना होगा
संयुक्त राष्ट्र की जगह 'बोर्ड ऑफ पीस' बनाने के सवाल पर ट्रंप ने कहा, 'संयुक्त राष्ट्र कभी बहुत मददगार साबित नहीं हुआ। मैं उसकी संभावनाओं का बड़ा प्रशंसक हूं लेकिन वह कभी अपनी क्षमता पर खरा नहीं उतरा। संयुक्त राष्ट्र को उन सभी युद्धों को सुलझा लेना चाहिए था जिन्हें मैंने सुलझाया। मैं कभी उनके पास नहीं गया, मैंने कभी जाने के बारे में सोचा तक नहीं। आपको संयुक्त राष्ट्र को चलने देना होगा, क्योंकि उसकी संभावनाएं बहुत बड़ी हैं।'
ग्रीनलैंड पर कुछ बहुत अच्छा होगा-ट्रंप
मैक्रों द्वारा सुझाई गई पेरिस में जी7 की आपात बैठक में शामिल होने पर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा, 'नहीं, मैं ऐसा नहीं करूंगा। क्योंकि इमैनुएल वहां ज्यादा समय तक नहीं रहने वाले हैं और वहां कोई स्थायित्व नहीं है।' ग्रीनलैंड पर ट्रंप ने कहा, 'कुछ ऐसा होने वाला है जो सबके लिए बहुत अच्छा होगा। नाटो के लिए मैंने जितना किया है, उतना किसी ने नहीं किया। हम ऐसा समाधान निकालेंगे जिससे नाटो भी बहुत खुश होगा और हम भी बहुत खुश होंगे। लेकिन हमें इसकी जरूरत सुरक्षा कारणों से है। हमें यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चाहिए और यहां तक कि वैश्विक सुरक्षा के लिए भी। यह बहुत महत्वपूर्ण है।'
