दुनिया

US News: तीन दोषियों को एक ही दिन सजा-ए-मौत, तीन राज्यों में चला ‘डेथ इंजेक्शन’; 2010 के बाद अमेरिका में पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड

अमेरिका में गुरुवार को टेनेसी, ओक्लाहोमा और अलबामा में तीन दोषियों को घातक इंजेक्शन के जरिए मौत की सजा दी गई। साल 2010 के बाद यह पहली बार है जब अमेरिका में एक ही दिन तीन अलग-अलग राज्यों में तीन फांसियां हुई हैं। इनमें 1985 की हत्या, 2003 में प्रेमिका की हत्या और 5 साल की बच्ची के बलात्कार व हत्या के मामले शामिल हैं। 2025 में अमेरिका के 11 राज्यों में 47 लोगों को मौत की सजा दी गई थी, जबकि 2026 में अब तक 22 फांसी दी जा चुकी हैं।

Image

5 साल की बच्ची के कातिल समेत 3 दोषियों को एक ही दिन मौत, 2010 के बाद अमेरिका में पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड। AP

Photo : AP

US News: अमेरिका के तीन अलग-अलग राज्यों (टेनेसी, अलबामा और ओक्लाहोमा) में तीन दोषियों को घातक इंजेक्शन (लेथल इंजेक्शन) देकर मौत की सजा दी गई। साल 2010 के बाद यह पहला मौका है जब अमेरिका में एक ही दिन में तीन अलग-अलग राज्यों में सजा-ए-मौत दी गई हो। टेनेसी और ओक्लाहोमा में करीब 30 मिनट के अंतर पर फांसी दी गई, जबकि कुछ घंटे बाद अलबामा में भी एक कैदी को मृत्युदंड दिया गया। अमेरिका में ऐसा करीब 16 साल बाद पहली बार हुआ है। इससे पहले 7 जनवरी 2010 को एक ही दिन तीन लोगों को मौत की सजा दी गई थी

टेनेसी में 1985 की हत्या के दोषी को फांसी

टेनेसी में 66 वर्षीय एंथनी डैरेल हाइन्स को 1985 में मोटल में काम करने वाली 54 वर्षीय कर्मचारी कैथरीन जीन जेनकिंस की हत्या के मामले में मौत की सजा दी गई। हाइन्स ने अंतिम समय में कहा, “मेरे बेटे को हैलो कहना।” उनका बेटा भी फांसी के दौरान मौजूद था। दोनों की मुलाकात दोबारा कुछ दिन पहले ही हुई थी।

ओक्लाहोमा में प्रेमिका की हत्या के दोषी को फांसी

ओक्लाहोमा में 70 वर्षीय कार्लोस कुएस्ता-रोड्रिगेज को 2003 में अपनी प्रेमिका ओलिंपिया फिशर की हत्या के मामले में मौत की सजा दी गई। उसे सुबह 10:13 बजे मृत घोषित किया गया। अभियोजन के अनुसार, फिशर उससे अलग होने की योजना बना रही थीं, तभी कुएस्ता-रोड्रिगेज ने उन्हें गोली मार दी। बाद में उसने अपने अपराध पर अफसोस जताया और पैरोल बोर्ड के सामने साफ कहा कि वह क्षमादान नहीं चाहता। फिशर की बेटियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस फांसी से घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी।

5 साल की बच्ची की हत्या के दोषी को मिली मौत

अलबामा में 42 वर्षीय जेरेमी विलियम्स को 2021 में 5 साल की जॉर्जिया की बच्ची कामारी हॉलैंड के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में मौत की सजा दी गई। विलियम्स ने बच्ची की हत्या का दोष स्वीकार किया था और बाद में खुद ही अपनी अपील आगे न बढ़ाने का फैसला किया था।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, विलियम्स ने बच्ची की मां को 2,500 डॉलर देने की पेशकश की थी। इसके बाद बच्ची के साथ यौन अपराध किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। अभियोजन ने यह भी कहा था कि उसने हमले की रिकॉर्डिंग की थी। बच्ची की मां को भी मामले में दोषी ठहराया गया और वह 20 साल की जेल की सजा काट रही है।

2010 में भी एक ही दिन तीन लोगों को मिली थी सजा

पिछली बार अमेरिका में एक ही दिन में तीन कैदियों को मौत की सजा 7 जनवरी 2010 को दी गई थी। उस दिन लुइसियाना, ओहायो और टेक्सास में एक-एक कैदी को फांसी दी गई थी। इसके बाद 2018 में भी तीन फांसियां एक ही दिन के लिए निर्धारित की गई थीं, लेकिन टेक्सास के एक कैदी को आखिरी वक्त पर राहत मिल गई, जबकि अलबामा में जेल अधिकारियों को आईवी लाइन लगाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसके चलते उस दिन तय तीन में से केवल एक ही फांसी दी जा सकी।

बता दें कि 2025 में अमेरिका के 11 राज्यों में कुल 47 लोगों को मौत की सजा दी गई थी, जो 2009 के बाद सबसे ज्यादा संख्या थी। 2026 में गुरुवार की तीन फांसियों के बाद अब तक 22 फांसी हो चुकी हैं और लगभग एक दर्जन अन्य फांसियां निर्धारित हैं।

अलबामा में नाइट्रोजन गैस से फांसी पर भी रोक

गौरतलब है कि अलबामा में इस साल की पहली फांसी थी। राज्य में नाइट्रोजन गैस के जरिए मौत की सजा देने की एक प्रक्रिया को जून में संघीय जज ने रोक दिया था और इस तरीके को असंवैधानिक करार दिया था। इसके बाद विलियम्स को घातक इंजेक्शन के जरिए मौत की सजा दी गई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article