Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्हों पूरी दुनिया को संकट से बचाते हुए 10 महीनों में 8 युद्ध रुकवाए हैं। ट्रंप ने मंगलवार को पेंसिल्वेनिया के माउंट पोकोनो में अर्थव्यवस्था पर एक रैली में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त करवाए जिनमें कोसोवो (और) सर्बिया, पाकिस्तान और भारत, इजराइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया... आर्मेनिया और अजरबैजान शामिल हैं, वे आपस में लड़ रहे थे। ट्रंप ने इस दौरान भारत-पाकिस्तान संघर्ष का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनकी वजह से ही ये संघर्ष खत्म हो सका। ट्रंप ने दोबारा शुरू हुए थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष को भी एक फोन कॉल से रुकवाने का दावा किया। हालांकि रूस-यूक्रेन युद्ध पर वह पूरी तरह खामोश रहे।
10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त कराए
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त कराए, जिनमें कोसोवो-सर्बिया, पाकिस्तान और भारत शामिल हैं। ये देश आपस में लड़ रहे थे। इजराइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, आर्मेनिया और अजरबैजान। मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है, लेकिन कंबोडिया और थाईलैंड ने आज फिर से युद्ध शुरू कर दिया है। कल मुझे एक फोन करना होगा। मैं एक फोन करके दो बहुत शक्तिशाली देशों, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध रोकूंगा। वे फिर से आपस में लड़ रहे हैं। लेकिन मैं ऐसा करूंगा। इसलिए हम शक्ति के बल पर शांति स्थापित कर रहे हैं।
ट्रंप कई बार कर चुके ऐसा दावा
ट्रंप कई बार इस तरह का दावा कर चुके हैं। इससे पहले 8 दिसंबर को भी ट्रंप ने खुद को कई युद्ध रोकने का श्रेय दिया था। पत्नी संग वाशिंगटन डीसी स्थित कैनेडी सेंटर ऑनर्स में रेड कार्पेट पर पहुंचे राष्ट्रपति ट्रंप ने इसी तरह का दावा किया था। टैरिफ पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था के साथ हमारे पास जबरदस्त लचीलापन है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अविश्वसनीय है। मैंने आठ युद्ध समाप्त कराए हैं, मुख्यतः व्यापार और टैरिफ के कारण।
ट्रंप के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
उन्होंने आगे कहा, अगर हम टैरिफ का दूसरा रास्ता अपनाते हैं, तो इससे आपको उतनी शुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा नहीं मिलेगी। ट्रंप ने टैरिफ के सुरक्षा लाभों पर जोर दिया और उनकी यह टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट के उस अहम फैसले से पहले आई है जिसमें यह पूछा गया है कि क्या उन्होंने व्यापक शुल्क लगाने में राष्ट्रपति के अधिकार का अतिक्रमण किया है। आने वाले हफ्तों में न्यायाधीश यह तय करेंगे कि क्या ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल करके व्यापक टैरिफ लगाकर संघीय कानून का उल्लंघन किया है।
