भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पीएम मोदी से बात के बाद अमेरिका ने भारत पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ को घटा दिया है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में ये घोषणा की है। ट्रंप ने अपने पोस्ट में पीएम मोदी को बहुत अच्छा दोस्त बताया। पीएम मोदी ने भी इस वार्ता को लेकर एक्स पर एक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने टैरिफ कम करने को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने दी पीएम मोदी से वार्ता की जानकारी
पीएम मोदी से वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वे मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने व्यापार और रूस व यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने सहित कई विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रूसी तेल खरीद बंद करने और संयुक्त राज्य अमेरिका और संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुए। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी,जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं।
ट्रंप ने किया पोस्ट
टैरिफ में कमी
ट्रंप ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से,हमने संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की,जिसके तहत संयुक्त राज्य अमेरिका पारस्परिक शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर देगा। वे भी संयुक्त राज्य अमेरिका के विरुद्ध अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य तक कम करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा,प्रौद्योगिकी,कोयला और कृषि उत्पादों के अलावा,अमेरिकी उत्पाद खरीद के लिए भी प्रतिबद्धता जताई। भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध आगे चलकर और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे व्यक्ति हैं जो काम को अंजाम देते हैं,जो कि अधिकांश लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता।
पीएम मोदी ने भी दी जानकारी
पीएम मोदी ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर ट्रंप से वार्ता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब 'मेड इन इंडिया'उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प को हार्दिक धन्यवाद।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं,तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति,स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं।

पीएम मोदी ने भी किया पोस्ट
सर्जियो गोर ने भी किया पोस्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्रुथ सोशल पर पोस्ट के बाद भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि जैसा कि मैंने कई बार कहा है,राष्ट्रपति ट्रंप वास्तव में प्रधानमंत्री मोदी को अपना सच्चा मित्र मानते हैं!आज शाम व्यापार समझौते की खबर से बेहद खुश हूं। अमेरिका और भारत के संबंधों में असीमित संभावनाएं हैं।
टैरिफ कम करने को लेकर ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने दिए थे संकेत
इससे पहले अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने टैरिफ को लेकर एक बड़ा इशारा किया था। उन्होंने बताया था कि ट्रंप प्रशासन जल्द ही भारत पर लगाए गए 25% के अतिरिक्त टैरिफ को हटा सकती है। स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि भारतीय रिफाइनरियों द्वारा रूसी तेल की खरीदारी अब लगभग 'कोलैप्स'(पूरी तरह गिरना)हो गई है। ऐसे में अमेरिका का मानना है कि चूंकि अब उनका उद्देश्य पूरा हो गया है और भारत ने रूस से अपनी निर्भरता कम कर ली है,इसलिए अब इन दंडात्मक टैरिफ को जारी रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने संकेत दिया था कि जल्द ही इन शुल्कों को हटाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
