US-Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रिपोर्टर ने पूछा कि आपको क्या लगता है कि यह युद्ध अब और कितने समय तक चलने की संभावना है? तो इसपर ट्रंप ने कहा कि ईरान पूरी तरह तबाह हो चुका है। उनका देश बहुत बुरी हालत में है, पूरी व्यवस्था ढह रही है। सैन्य दृष्टि से हमारी स्थिति बहुत-बहुत मजबूत बनी हुई है।
ट्रंप ने युद्ध कब खत्म होगा, इसपर कहा, 'मैं आपको यह नहीं बता सकता। मेरा मतलब है, मेरे मन में अपना एक अंदाजा है, लेकिन उससे क्या फायदा? यह तब तक चलेगा जब तक जरूरी होगा। वे पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। देश—उनका देश—बहुत बुरी हालत में है, पूरी व्यवस्था ढह रही है। आप कुछ 'फेक न्यूज' पढ़ते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे 'ओह, वे तो बहुत बढ़िया कर रहे हैं।' वे बिल्कुल भी बढ़िया नहीं कर रहे हैं, वे तो ठीक इसका उल्टा कर रहे हैं। उनकी हालत जितनी बुरी हो सकती है, उतनी बुरी है। मैं बस इतना कहूंगा, मैं आपको कोई समय-सीमा तो नहीं दूंगा, लेकिन हम अपने तय कार्यक्रम से काफी आगे चल रहे हैं। सैन्य दृष्टि से, हम अपने तय कार्यक्रम से बहुत आगे हैं।'
अमेरिका का ईरान में युद्ध कैसा चल रहा?
ट्रंप ने कहा, 'ईरान में स्थिति बहुत अच्छी चल रही है। आज हमने कई बड़े हमले किए। आज हमें कई बड़ी जीतें मिलीं, जैसा कि शायद आपने सुना भी होगा, खासकर सैन्य मोर्चे पर। और मुझे लगता है कि सब कुछ बहुत बढ़िया और पूरी तरह नियंत्रण में चल रहा है। हम देखेंगे कि जलडमरूमध्य (Strait) के साथ आगे क्या होता है। वे मध्य-पूर्व में अपने ही देश को नुकसान पहुंचाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सैन्य दृष्टि से हमारी स्थिति बहुत-बहुत मजबूत बनी हुई है।'
जब रिपोर्टर ने पूछा, 'मिस्टर प्रेसिडेंट, नेवी होर्मुज जलडमरूमध्य तक टैंकरों को एस्कॉर्ट करना कब शुरू करेगी?' तो डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'यह जल्द ही होगा, बहुत जल्द।' ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य से टैंकरों को सुरक्षा प्रदान करेगी।
ट्रंप ने कहा कि उनकी (ईरान) नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना खत्म हो चुकी है, उनकी ज्यादातर सेना खत्म हो चुकी है। हर लिहाज से उनका सबसे बड़ा खतरा अब खत्म हो चुका है। और उनके पास न तो कोई रडार है, न ही उनके पास विमान-रोधी हथियार हैं।
