दुनिया

White House Shooting: व्हाइट हाउस के पास अंधाधुंध फायरिंग; सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को किया ढेर; ग्राउंड पर उतरी FBI

White House Shooting: व्हाइट हाउस परिसर के नजदीक अंधाधुंध फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार दिया और पूरे इलाके को सील कर दिया गया।

Image

घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मी (AP)

Photo : AP

White House Shooting: अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय 'व्हाइट हाउस' के बेहद करीब अंधाधुंध फायरिंग की आवाजें सुनी गई हैं, जिसके बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पूरे व्हाइट हाउस परिसर को 'लॉकडाउन' कर दिया। सीक्रेट सर्विस के कमांडो ने फौरन पोजिशन संभाली और व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन को पूरी तरह खाली करा लिया गया। जिस वक्त यह घटना हुई, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे। सीक्रेट सर्विस के हथियारों से लैस जवानों ने चिल्लाते हुए मीडियाकर्मियों को तुरंत अंदर जाने को कहा। जवानों ने "शॉट्स फायर्ड, गेट डाउन" चिल्लाते हुए सभी पत्रकारों को प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर बंद कर दिया और सुरक्षा कारणों से किसी को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि व्हाइट हाउस के चेकपॉइंट के पास संदिग्ध को गोली मार दी गई।

17th स्ट्रीट और पेनसिलवेनिया एवेन्यू के पास हुई वारदात

US सीक्रेट सर्विस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह फायरिंग व्हाइट हाउस परिसर से महज एक ब्लॉक दूर '17th स्ट्रीट और पेनसिलवेनिया एवेन्यू नॉर्थवेस्ट' के चौराहे के पास हुई। शुरुआती लॉ इनफोर्समेंट रिपोर्टों के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस के यूनिफॉर्म डिवीजन के अधिकारियों का सामना एक हथियारबंद संदिग्ध से हुआ था, जिसके बाद वहां गोलियां चलीं। इस मुठभेड़ में दो लोगों को गोली लगने की भी खबर आ रही है। सुरक्षा बलों ने तुरंत आसपास की सड़कों को पूरी तरह कॉर्डन ऑफ कर दिया और नेशनल गार्ड के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। बाद में अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध को गोली मार दी गई है और उसकी मौत हो गई है। ये तब हुआ जब संदिग्ध ने सुरक्षा चौकी के करीब आने की कोशिश की। मुठभेड़ के दौरान एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी हालत गंभीर है।

एनकाउंटर में हमलावर ढेर

शुरुआती जानकारी के अनुसार, संदिग्ध स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 6 बजे (ET), जब भारत में रविवार तड़के करीब सवा चार बज रहे थे तब चेकपॉइंट पर पहुंचा, अपने बैग से हथियार निकाला और तैनात अधिकारियों पर गोली चलाने लगा। अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई और संदिग्ध को घायल कर दिया, फिर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। एक राहगीर भी गोली से घायल हुआ, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उसे संदिग्ध की गोली लगी या अधिकारियों की जवाबी फायरिंग से चोट पहुंची। सीक्रेट सर्विस ने कहा कि उसके किसी अधिकारी को चोट नहीं आई और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो उस समय व्हाइट हाउस में मौजूद थे, प्रभावित नहीं हुए।

मैदान में उतरी FBI

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की टीमें भी तुरंत ग्राउंड पर पहुंच गईं। एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल (Kash Patel) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए इस ऑपरेशन की पुष्टि की। "FBI की टीम घटना स्थल पर मौजूद है और व्हाइट हाउस परिसर के पास हुई फायरिंग का जवाब देने में सीक्रेट सर्विस की पूरी मदद कर रही है। जैसे ही हमें पुख्ता जानकारी मिलेगी, हम जनता को इस संबंध में लगातार अपडेट देते रहेंगे।" गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और भारी सुरक्षा घेरे में हैं। करीब 45 मिनट के कड़े सुरक्षा घेरे और तलाशी अभियान के बाद शाम 6:45 बजे (स्थानीय समयानुसार) व्हाइट हाउस से लॉकडाउन हटाया गया। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि इस फायरिंग के पीछे हमलावर का असली मकसद क्या था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article