दुनिया

US Iran War: ईरान युद्ध के बीच ट्रंप पर क्यों भड़के उठे जेलेंस्की? जानें अमेरिका के फैसले पर क्यों उठाया सवाल?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के तेल पर लगे प्रतिबंधों में अमेरिका द्वारा दी गई 30 दिन की छूट सही फैसला नहीं है, क्योंकि इससे Russia को अरबों डॉलर की आय मिल सकती है जो युद्ध को जारी रखने में इस्तेमाल होगी। पेरिस में इमैनुअल मैक्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि इस ढील से रूस को करीब 10 अरब डॉलर तक मिल सकते हैं और इससे शांति स्थापित करने में कोई मदद नहीं मिलेगी।

Image

ट्रंप के फैसले से जेलेंस्की ने जताई नाराजगी।

Photo : AP

US Iran War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच रूस के तेल पर लगाए गए प्रतिबंधों में अमेरिका द्वारा दी गई 30 दिन की छूट सही फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे यूक्रेन पर रूस के चार साल से अधिक समय से जारी हमलों को रोकने में कोई मदद नहीं मिलेगी।

पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जेलेंस्की ने कहा कि केवल इस ढील से ही रूस को युद्ध के लिए लगभग 10 अरब डॉलर मिल सकते हैं। उन्होंने कहा, ’’इससे निश्चित रूप से शांति स्थापित करने में मदद नहीं मिलेगी। ’’ जेलेंस्की ने कहा, ’’प्रतिबंधों में ढील देने से किसी भी स्थिति में रूस की स्थिति मजबूत ही होगी। ’’

'तेल से मिलने वाले पैसा का युद्ध में इस्तेमाल करेगा रूस'

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा, ’’रूस तेल और गैस की बिक्री से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल हथियार खरीदने में करता है और बाद में यही हथियार हमारे खिलाफ इस्तेमाल किए जाते हैं। जेलेंस्की ने कहा, ’’इसलिए सिर्फ इसी वजह से प्रतिबंध हटाना कि बाद में आप पर और ड्रोन हमले हो सकें, मेरे अनुसार सही फैसला नहीं है। ’’

इससे पहले अमेरिकी के वित्त विभाग ने बृहस्पतिवार को रूस के तेल पर लगे प्रतिबंधों में 30 दिन की छूट देने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य समुद्र में फंसे रूसी तेल के कार्गो को मुक्त कराना और ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न आपूर्ति संकट को कम करना बताया गया है।

ईरान करेगा आत्मसमर्पण: ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 नेताओं से कहा है कि ईरान "आत्मसमर्पण करने वाला है" और उन्होंने ’ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ में सफलता का दावा किया है। मीडिया की एक खबर से यह जानकारी मिली।

’एक्सियोस’ की खबर के अनुसार, ईरान के साथ युद्ध के आर्थिक नतीजों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, ट्रंप ने बुधवार को जी-7 नेताओं के साथ डिजिटल माध्यम से बैठक के दौरान यह दावा किया। ट्रंप ने नेताओं से कहा, "मैंने एक ऐसे कैंसर से छुटकारा दिलाया है जो हम सभी के लिए खतरा था।" जी-7 के नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से युद्ध को शीघ्र समाप्त करने का आग्रह किया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article