दुनिया

15 अगस्त से पहले अमेरिकी राज्यों ने की भारत को लेकर बड़ी घोषणा, हर भारतीय का हो जाएगा सीना चौड़ा

Indian Independence Day US: अमेरिका के डेलावेयर राज्य ने 15 अगस्त को 'भारत दिवस' घोषित किया। गवर्नर मैथ्यू मेयर ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए घोषणापत्र जारी किया।

Image

15 अगस्त से पहले अमेरिकी राज्यों ने की भारत को लेकर बड़ी घोषणा, हर भारतीय को होगा गर्व

Delaware India Day August 15: अमेरिका के विभिन्न राज्य 15 अगस्त 2026 को भारत के स्वतंत्रता दिवस (भारत दिवस) के रूप में मनाने के लिए घोषणाएं कर रहे हैं जो भारत की विरासत, विविधता और अमेरिकी ताने-बाने में इसके प्रवासी समुदाय के बढ़ते योगदान प्रदर्शित करता है।

न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स के बाद अब डेलावेयर राज्य ने भारत के स्वतंत्रता दिवस को मनाने की घोषणा की है। डेलावेयर ने 15 अगस्त 2026 को 'भारत दिवस' घोषित किया है।

डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर द्वारा हस्ताक्षरित इस घोषणा में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न समुदायों में मौजूद अनेक संस्कृतियों और परंपराओं से डेलावेयर 'मजबूत' हुआ है। इनमें तेजी से बढ़ता भारतीय-अमेरिकी समुदाय भी शामिल है, जिसकी मौजूदगी ने राज्य के स्वरूप को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

घोषणा में कहा गया, 'भारतीय विरासत वाले डेलावेयरवासियों ने पूरे राज्य के समुदायों में अपने काम, नेतृत्व और सेवा के जरिए हमारे राज्य को समृद्ध किया है। उन्होंने हमारी साझा समृद्धि में योगदान दिया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसर पैदा किए हैं।'

इसमें कहा गया है, 'भारत का इतिहास भाषाओं, परंपराओं, आस्थाओं और रीति-रिवाजों की असाधारण विविधता में निहित है। भारतीय-अमेरिकियों की पीढ़ियों ने अमेरिका में अपना जीवन और समुदाय बसाने के साथ-साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ाया है।'

'भारत दिवस' मनाने के मायने

घोषणा में कहा गया है कि 'भारत दिवस' भारत की स्वतंत्रता का सम्मान करने, डेलावेयर के भारतीय-अमेरिकी समुदाय की विरासत और उपलब्धियों का उत्सव मनाने तथा समुदायों और भारत के लोगों के बीच कायम मजबूत संबंधों को पहचानने का अवसर प्रदान करता है।

मेयर ने इस घोषणा के जरिए सभी नागरिकों से 'भारत दिवस' मनाने, डेलावेयर के भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को पहचानने और 'हमारे समुदायों तथा भारत के लोगों के बीच कायम मजबूत और स्थायी संबंधों का सम्मान करने' का आह्वान किया।

न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी भी आए आगे

इससे एक दिन पहले न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल और न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने भी 15 अगस्त 2026 को अपने-अपने राज्यों में 'भारत के स्वतंत्रता दिवस' के रूप में मान्यता देने की घोषणा जारी की थी। इस महीने की शुरुआत में मैसाचुसेट्स की गवर्नर माउरा हीली ने भी 15 अगस्त को 'भारत दिवस' घोषित किया था और राज्य में भारतीय प्रवासी समुदाय के योगदान को मान्यता दी थी।

बता दें कि हर साल 15 अगस्त को भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए अमेरिका के विभिन्न राज्यों और शहरों में भारतीय दूतावास, वाणिज्य दूतावासों तथा संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में ध्वजारोहण समारोह, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष आयोजन किए जाते हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article