दुनिया

जिन चीनी कंपनियों के सहारे पाकिस्तान का चलता था मिसाइल कार्यक्रम, अब उसी पर अमेरिका ने लगा दिया प्रतिबंध

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 20, 2024, 07:31 PM IST

Pakistan Missile Program: अमेरिका ने पाकिस्तान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए मिसाइल पार्ट्स की आपूर्ति करने वाली कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रतिबंध वाली लिस्ट में तीन चीनी कंपनियां और एक बेलारूस का फर्म शामिल हैं।

Image

पाकिस्तान के मिसाइल कार्यक्रम पर अमेरिका का एक्शन

Photo : AP

Pakistan Missile Program: पाकिस्तान के मिसाइल कार्यक्रम को अमेरिका ने बड़ा झटका दे दिया है। जिन चीनी कंपनियों के भरोसे पाकिस्तान का मिसाइल कार्यक्रम चल रहा था, उसी पर अब अमेरिका ने प्रतिबंध लगा दिया है। मतलब अब पाकिस्तान के लिए मिसाइल का पार्ट्स खरीदना आसान नहीं होगा और उसका मिसाइल कार्यक्रम रूक जाएगा।

अमेरिका ने किन कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध

अमेरिका ने पाकिस्तान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए मिसाइल पार्ट्स की आपूर्ति करने वाली कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रतिबंध वाली लिस्ट में तीन चीनी कंपनियां और एक बेलारूस का फर्म शामिल हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि जिन कंपनियों पर पाबंदी लगाई गई है, उनमें मिन्स्क व्हील ट्रैक्टर प्लांट, शीआन लोंगडे टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड, तियानजिन क्रिएटिव सोर्स इंटरनेशनल ट्रेड कंपनी लिमिटेड और ग्रैनपेक्ट कंपनी लिमिटेड शामिल हैं।

क्यों लगा प्रतिबंध

अमेरिका ने कहा कि ये कंपनियां सामूहिक विनाश के हथियारों के निर्माण व प्रसार में सहयोग देने में लगी हैं। बयान में कहा गया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ सामूहिक विनाश के हथियारों के निर्माण व प्रसार को रोकने के किए प्रतिबद्ध है।

पाकिस्तान के मिसाइल कार्यक्रम में अहम भूमिका

  • अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक चीन स्थित शीआन लोंगडे टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड ने पाकिस्तान की लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए फिलामेंट वाइंडिंग मशीन सहित कई उपकरणों की आपूर्ति की।
  • इसी प्रकार चीन स्थित तियानजिन क्रिएटिव सोर्स इंटरनेशनल ट्रेड कंपनी लिमिटेड ने पाकिस्तान को स्टिर वेल्डिंग उपकरण की आपूर्ति की है। इसका उपयोग अंतरिक्ष प्रक्षेपण वाहनों में उपयोग किए जाने वाले प्रणोदक टैंक के निर्माण के लिए किया जा सकता है।
  • एक अन्य चीनी कंपनी ग्रैनपेक्ट कंपनी लिमिटेड ने बड़े व्यास वाले रॉकेट मोटर्स के परीक्षण के लिए पाकिस्तान को उपकरणों की आपूर्ति की। इसके अतिरिक्त, ग्रैनपेक्ट ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विकास परिसर (एनडीसी) को बड़े व्यास वाले रॉकेट मोटर्स के परीक्षण के लिए उपकरण भी प्रदान किए।
  • इसी प्रकार बेलारूस की कंपनी मिन्स्क व्हील ट्रैक्टर प्लांट ने पाकिस्तान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए विशेष वाहन चेसिस की आपूर्ति की। इसका उपयोग पाकिस्तान के राष्ट्रीय विकास परिसर (एनडीसी) द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article