दुनिया

PoK में अशांति, सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन, 8 लोगों की मौत, 50 से अधिक घायल

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में बड़े पैमाने पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है और लोग सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

Image

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना के खिलाफ प्रदर्शन (फाइल फोटो:canva)

PoK Clash News: संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के अनुसार अब तक आठ नागरिक मारे गए हैं तीन मुज़फ़्फ़राबाद में, चार दैरीकोट में और एक डोडीयाल में। 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। JAAC ने पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) प्रशासन के सामने 38 मांगें रखी हैं, जिनमें 12 नामित विधानसभा सदस्यों को समाप्त करना, मुफ़्त राशन, मुफ़्त बिजली और स्वास्थ्य कार्ड योजना शामिल हैं।

हज़ारों प्रदर्शनकारी मुज़फ़्फ़राबाद की ओर मार्च कर रहे हैं। मुज़फ़्फ़राबाद, दैरीकोट और डोडीयाल में तीव्र झड़पों की ख़बर है। लाल चौक पर हिंसक झड़पें हुईं पाकिस्तानी पुलिस ने गोलियां चलाईं, JKAAC नेताओं ने तुरंत मोबाइल सेवाएं बहाल करने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे संचार टावर गिरा देंगे।

पिछले हफ़्ते पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ ने बातचीत के लिए दो मंत्रियों को पीओके भेजा था, लेकिन वार्ता विफल रही। इसके बाद केंद्र सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,000 पुलिसकर्मियों को मुज़फ़्फ़राबाद तैनात किया।

बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान सरकार ने क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं। पिछले 72 घंटों से पीओके बाहरी दुनिया से कटा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी माँगें पूरी नहीं हुईं तो वे कल पीओके विधानसभा पर धावा बोलेंगे।

इसके अलावा पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को दो अलग-अलग बम विस्फोटों में चार आतंकवादियों समेत नौ लोगों की मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाएं प्रांत के दक्षिणी वजीरिस्तान जिले में हुईं, जो अफगानिस्तान की सीमा से लगा हुआ है।पहली घटना अशांगी लगद गांव में हुई, जहां सड़क पर पड़ी एक बम जैसी वस्तु में विस्फोट से पांच ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई।विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई और निवासियों ने अधिकारियों से क्षेत्र से बिना फटे बमों को हटाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास तेज करने का आग्रह किया।

सुरक्षाकर्मी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।वाना के वाचा खवोरा इलाके में एक अन्य घटना में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस लगाने की कोशिश में हुए विस्फोट में चार आतंकवादी मारे गए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article