फरवरी 2022 से शुरू हुई रूस-यूक्रेन जंग में फिलहाल शांति का कोई रास्ता नहीं दिख रहा है। हर बीतते दिन के साथ दोनों देश एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं। इसी बीच, यूक्रेनी ड्रोन ने शनिवार को रूस के भीतर स्थित एक औद्योगिक परिसर पर हमला किया। यूक्रेन ने अपने ड्रोन के जरिए एक प्रमुख सरकारी स्वामित्व वाली मिसाइल फैक्ट्री को निशाना बनाया।
11 लोग हुए घायल
रूस के उदमूर्त गणराज्य में हुए इस हमले में 11 लोग घायल हुए,जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी क्षेत्रीय स्वास्थ्य मंत्री सर्गेई बागिन ने टेलीग्राम पोस्ट में दी। उदमूर्त गणराज्य के प्रमुख अलेक्जेंडर ब्रेचलोव ने भी ड्रोन हमले की पुष्टि की,हालांकि उन्होंने प्रभावित स्थल का नाम नहीं बताया। अलेक्जेंडर ब्रेचलोव ने एक अन्य टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि यूक्रेन द्वारा दागे गए ड्रोन हमलों में गणतंत्र की एक सुविधा पर हमला किया गया। हमले में चोटें आईं और नुकसान हुआ,लेकिन उन्होंने हमले के स्थान का नाम नहीं बताया और न ही कोई अन्य विवरण दिया।
यूक्रेन ने वोटकिंस्क मशीन बिल्डिंग प्लांट को निशाना बनाया
इस बीच, एक अनौपचारिक रूसी टेलीग्राम चैनल 'Astra'ने दावा किया कि ड्रोन ने वोटकिंस्क मशीन बिल्डिंग प्लांट को निशाना बनाया। यह संयंत्र यूक्रेन से 1400 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित है और यहां इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ-साथ परमाणु क्षमता वाली अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों का निर्माण किया जाता है। यूक्रेन इस हमले के जरिए रूस के सैन्य ढांचे को तबाह करना चाहता था।
सामने आए वीडियो और तस्वीरें
वहीं, कई अन्य रूसी चैनलों ने भी हमले को लेकर स्थानीय निवासियों के हवाले से वीडियो और तस्वीरें साझा कीं हैं। इनमें औद्योगिक परिसर से काला धुआं उठता और इमारतों की खिड़कियां टूटी दिखाई दे रही हैं। एक अन्य चैनल ‘SHOT’ने दावा किया कि वहां के निवासियों ने रात में कम से कम तीन धमाकों और ड्रोन जैसी आवाजें सुनीं थीं। हालांकि यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से इस हमले पर तत्काल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
हाल के महीनों में यूक्रेन ने रूस के भीतर सैन्य और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए लंबी दूरी के ड्रोन हमलों की रणनीति तेज की है, जबकि रूस लगातार यूक्रेन के शहरों और ऊर्जा ढांचे पर मिसाइल व ड्रोन हमले करता रहा है।
