Lahor gangrape: पाकिस्तान के लाहौर शहर में पांच पुरुषों द्वारा दो विदेशी महिलाओं का अपहरण कर उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। लाहौर पुलिस ने पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर पांचों पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक की पहचान मुहम्मद रजा डार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी मुहम्मद शहजाद ने बताया कि चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पांचवें व्यक्ति की तलाश जारी है।
नीदरलैंड, वेनेजुएला की महिलाएं
अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों में एक नीदरलैंड और एक वेनेजुएला की नागरिक शामिल हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में डार से मिली थीं, जहां उसने उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था। उसने उनके वीजा की व्यवस्था की और वे दोनों 29 जून को लाहौर पहुंची थीं। एक पीड़िता ने पुलिस को बताया, 'पाकिस्तान पहुंचने पर रज़ा ने अन्य पुरुषों के साथ मिलकर हमारा अपहरण कर लिया और हमें डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए) के एक घर में ले जाया गया, जहां उसने और चार अन्य लोगों ने हमें बंधक बनाकर हमारे साथ बलात्कार किया और हमारी रिहाई के लिए फिरौती की मांग की।’
15 लाख डॉलर की फिरौती मांगी
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उनसे पैसे भी वसूले। दोनों महिलाओं ने एक स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने बयान भी दर्ज कराए। एफआईआर के अनुसार, दोनों महिलाओं का पांच संदिग्धों ने अपहरण किया था। इनमें एक आरोपी एक वरिष्ठ राजनीतिक हस्ती का करीबी रिश्तेदार का बताया जा रहा है। आरोप है कि आरोपियों ने फिरौती की मांग की और महिलाओं को बंधक बनाकर उनके साथ यौन उत्पीड़न किया। आरोपियों ने कथित तौर पर 15 लाख डॉलर की फिरौती मांगी और इसके बाद महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया।
दो घंटे के भीतर दोनों महिलाओं को सुरक्षित छुड़ा लिया
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब सरकार ने बताया कि मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने विदेशी महिलाओं के अपहरण की घटना का तत्काल संज्ञान लिया, जिसके बाद लाहौर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो घंटे के भीतर दोनों महिलाओं को सुरक्षित छुड़ा लिया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सरकारी बयान के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने पुलिस को दो घंटे के भीतर महिलाओं को बरामद करने के निर्देश दिए।
बयान में कहा गया कि पीड़िताओं के पिता से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
दोनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण
सेफ सिटी अथॉरिटी की सहायता से आरोपियों का पता लगाया गया, जिसके बाद दोनों महिलाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। रेस्क्यू के बाद दोनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
