दुनिया

Turkey Election Results : राष्ट्रपति बनने की रेस में जीत की ओर बढ़ रहे एर्दोआन, अब तक 53 फीसद वोट मिलने का दावा

  • Agency by: Agency
  • Updated May 28, 2023, 11:50 PM IST

Turkey Election Results : एर्दोआन पिछले 20 साल से तुर्किये की सत्ता पर काबिज हैं। पहले दौर के मतदान में जीत के लिए आवश्यक बहुमत से कुछ अंतर से चूक गए एर्दोआन के दूसरे दौर में जीत हासिल करने का अनुमान जताया जा रहा है।

Image

राष्ट्रपति एर्दोआन।

Photo : ANI

Turkey Election Results : तुर्किये में कई समाचार एजेंसियों द्वारा जारी दूसरे दौर के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े शुरुआती और अनाधिकारिक परिणामों से पता चलता है कि 88 फीसदी मतपत्रों की गिनती हो चुकी है और मौजूदा राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन कुछ मतों के अंतर से निकटवर्ती प्रतिद्वंद्वी कमाल केलिचडारोहलू से आगे हैं। तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी ‘अनादोलू’ ने दिखाया कि एर्दोआन को 53 फीसदी वोट मिले हैं, जबकि कमाल को 47 फीसदी मत हासिल हुए हैं। इस बीच, विपक्ष की करीबी ‘एनएनकेए’ समाचार एजेंसी ने कहा कि कमाल को 49 फीसदी वोट हासिल हुए हैं, जबकि एर्दोआन को 51 फीसदी वोट मिले हैं।

नाटो का सदस्‍य है तुर्किये

चुनाव परिणाम का असर अंकारा से बाहर भी दिखेगा, क्योंकि तुर्किये यूरोप और एशिया के बीच स्थित है और यह उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का सदस्य है। इस बार के चुनावी नतीजे तय करेंगे कि लंबे समय से देश की सत्ता पर काबिज राष्ट्रपति एर्दोआन का निरंकुश शासन जारी रहेगा या फिर अधिक लोकतांत्रिक समाज बहाल करने का वादा करने वाले उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी कमाल सत्ता पर काबिज होंगे। देश में 14 मई को हुए पहले दौर के चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को सरकार गठन के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिल पाया था।

क्‍या बोले थे एर्दोआन

दूसरे दौर के चुनाव के लिए मतदान रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुआ। तुर्किये में ‘एक्जिट पोल’ नहीं होते, लेकिन शाम पांच बजे मतदान संपन्न होने के कुछ ही घंटों के अंदर प्रारंभिक परिणाम सामने आने की उम्मीद की जा रही थी। इस चुनाव में छह करोड़ 40 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र थे। इस्तांबुल में वोट डालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में राष्ट्रपति एर्दोआन ने कहा कि यह तुर्किये के इतिहास में पहला राष्ट्रपति चुनाव है, जिसमें दूसरे दौर का मतदान हो रहा है। एर्दोआन ने पहले दौर में उच्च मतदान प्रतिशत की तरीफ की और कहा कि उन्हें रविवार को फिर से बड़ी संख्या में लोगों के मतदान करने की उम्मीद है। 74 वर्षीय पूर्व नौकरशाह कमाल ने दूसरे दौर के मतदान को देश के भविष्य के लिहाज से एक जनमतसंग्रह के रूप में वर्णित किया।

20 साल से सत्‍ता पर काबिज एर्दोआन

एर्दोआन पिछले 20 साल से तुर्किये की सत्ता पर काबिज हैं। पहले दौर के मतदान में जीत के लिए आवश्यक बहुमत से कुछ अंतर से चूक गए एर्दोआन के दूसरे दौर में जीत हासिल करने का अनुमान जताया जा रहा है। पहले चरण में एर्दोआन अपने प्रतिद्वंद्वी कमाल से चार प्रतिशत अंकों से आगे रहे थे। कमाल छह दलों के गठबंधन और मध्यमार्गी-वामपंथी मुख्य विपक्षी दल के उम्मीदवार हैं।

End of Article