दुनिया

ईरान के साथ कब खत्म होगा युद्ध, क्या नेतन्याहू की ली जाएगी राय? जानिए ट्रंप ने दिया क्या जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा गया कि क्या ईरान के साथ युद्ध की समाप्ति का फैसला सिर्फ वही लेंगे या नेतन्याहू की भी इसमें राय होगी। उन्होंने जवाब दिया, मुझे लगता है कि यह आपसी सहमति से होगा…कुछ हद तक। हम बातचीत कर रहे हैं।

Image

कौन लेगा ईरान युद्ध खत्म करने पर फैसला?

Photo : AP

Trump on Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को टाइम्स ऑफ इजराइल को बताया कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने का फैसला प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ मिलकर लिया जाएगा। ट्रंप ने संक्षिप्त टेलीफोन साक्षात्कार में यह भी कहा कि अगर वह और नेतन्याहू मौजूद नहीं होते तो इस्लामिक गणराज्य इजराइल को नष्ट कर देता। ईरान इजराइल और उसके आसपास की हर चीज को नष्ट करने वाला था…हमने साथ मिलकर काम किया है। हमने उस देश को नष्ट कर दिया है जो इजराइल को नष्ट करना चाहता था।

युद्ध की समाप्ति का फैसला क्या सिर्फ ट्रंप लेंगे?

अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा गया कि क्या ईरान के साथ युद्ध की समाप्ति का फैसला सिर्फ वही लेंगे या नेतन्याहू की भी इसमें राय होगी। उन्होंने जवाब दिया, मुझे लगता है कि यह आपसी सहमति से होगा…कुछ हद तक। हम बातचीत कर रहे हैं। मैं सही समय पर निर्णय लूंगा, लेकिन सभी बातों को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि नेतन्याहू की राय ली जाएगी, लेकिन अंतिम फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति का ही होगा।

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले रोकने के बाद भी इजरायल ईरान के खिलाफ युद्ध जारी रख सकता है, तो उन्होंने इस सैद्धांतिक संभावना पर विचार करने से इनकार कर दिया और कहा, मुझे नहीं लगता कि इसकी जरूरत होगी। ट्रंप ने युद्ध की कोई निश्चित समयसीमा तय करने से बचने की कोशिश की है, लेकिन व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने शुक्रवार को कहा कि वाशिंगटन को उम्मीद है कि यह युद्ध चार से छह सप्ताह तक चलेगा।

मोज्तबा देश के अगले सर्वोच्च नेता नामित

द टाइम्स ऑफ इजराइल को दिए गए ट्रंप के जवाबों से पता चलता है कि युद्ध में ट्रंप के फैसलों पर नेतन्याहू का कितना गहरा प्रभाव होगा। अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को खत्म करने के साथ संयुक्त रूप से इस युद्ध की शुरुआत की थी। ट्रंप ने यह फोन इंटरव्यू ईरान के सरकारी मीडिया द्वारा यह घोषणा किए जाने के तुरंत बाद दिया कि इस्लामिक गणराज्य की विशेषज्ञ सभा ने खामेनेई के बेटे मोज्तबा को देश का अगला सर्वोच्च नेता नामित किया है। ट्रंप ने मोज्तबा के चुनाव पर द टाइम्स ऑफ इजराइल को कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और केवल इतना कहा, देखते हैं क्या होता है।

इजराइली राष्ट्रपति पर ट्रंप का निशाना

अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले सप्ताह इजराइल में तब सुर्खियां बटोरीं जब उन्होंने राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग को शर्मनाक कहा क्योंकि उन्होंने नेतन्याहू को क्षमादान देने की उनकी अपील को अनसुना कर दिया था। नेतन्याहू पर रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी और विश्वासघात के आरोप में मुकदमा चल रहा है। हालांकि, अगले दिन इजराइल में ट्रंप के राजदूत माइक हकाबी ने हर्जोग से मुलाकात की और उनके नेतृत्व की सराहना की।

जब उनसे पूछा गया कि क्या यह हर्जोग को प्रभावित करने के लिए अपनाई गई "अच्छी पुलिस-बुरी पुलिस" रणनीति का हिस्सा है, तो ट्रंप ने सीधे जवाब देने से परहेज किया, लेकिन एक बार फिर इजराइली राष्ट्रपति की आलोचना की। ट्रंप ने नेतन्याहू को उनके उपनाम से संबोधित करते हुए से कहा, बीबी नेतन्याहू को तुरंत क्षमादान दिया जाना चाहिए। मुझे लगता है कि (हर्जोग) क्षमादान न देकर घोर गलती कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि बीबी का ध्यान युद्ध पर केंद्रित हो, न कि इस बेतुके क्षमादान पर। हर्जोग के कार्यालय ने पिछले सप्ताह कहा था कि नेतन्याहू को क्षमादान देना है या नहीं, यह निर्णय लेना उनका विशेषाधिकार है।

ट्रंप और नेतन्याहू के संबंधों में नाटकीय रूप से सुधार

2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के बाद से ट्रंप और नेतन्याहू के संबंधों में नाटकीय रूप से सुधार हुआ है, जबकि चार साल पहले जब इजराइली प्रधानमंत्री ने ट्रंप को हराने पर जो बाइडन को बधाई दी थी, तब दोनों के बीच अनबन सी हो गई थी। 2021 में इजरायली पत्रकार बराक रविद के साथ एक साक्षात्कार में ट्रंप ने नेतन्याहू की इस बात के लिए कड़ी आलोचना की कि उन्होंने बाइडन को 2020 के चुनाव में जीत की बधाई देने के लिए फोन किया था, और आगे दावा किया कि इजरायली प्रधानमंत्री को फिलिस्तीनियों के साथ शांति स्थापित करने में कभी कोई दिलचस्पी नहीं थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!