अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की मीटिंग आज एक मीटिग हुई। रूस-यूक्रेन जंग को खत्म करने के लिए बुलाई गई इस बैठक में यूरोपीय देश के भी कुछ नेता शामिल हुए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस के खिलाफ एकजुट मोर्चा प्रदर्शित करने के लिए यूरोपीय नेताओं का एक दल लेकर इस मीटिंग में शामिल हुए। पिछले शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ट्रंप की शिखर वार्ता में यूरोप के नेताओं को शामिल नहीं किया गया था।
ट्रंप के साथ जेलेंस्की की मीटिंग
ट्रंप, जेलेंस्की के साथ आमने-सामने की बातचीत की। इसके बाद दोनों नेता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब और नाटो महासचिव मार्क रूट से मिले।
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने क्या कहा
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि वह यूक्रेन, रूस और अमेरिका के साथ "अगली बैठक में युद्धविराम देखना चाहेंगे, जो एक त्रिपक्षीय बैठक होनी चाहिए"। अपने अन्य यूरोपीय समकक्षों की तरह, मर्ज़ ने युद्ध को समाप्त करने की प्रक्रिया में ट्रम्प की भूमिका की प्रशंसा की। रूट ने ट्रम्प से कहा कि सुरक्षा गारंटी में भाग लेने की उनकी इच्छा एक "सफलता" है और "इससे बहुत फर्क पड़ता है।"
मीटिंग से पहले क्या-क्या हुआ
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आशा व्यक्त की कि ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में यूक्रेनी और यूरोपीय नेताओं के बीच सोमवार की महत्वपूर्ण वार्ता रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उस त्रिपक्षीय वार्ता का मार्ग प्रशस्त कर सकती है, जिससे रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त किया जा सके।
- अमेरिका के राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वह यूक्रेन के लिए यूरोपीय सुरक्षा गारंटी का समर्थन करेंगे।
- ट्रंप ने इस प्रयास के तहत अमेरिकी सैनिकों की तैनाती को लेकर प्रतिबद्धता नहीं जताई, लेकिन कहा कि ‘‘नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) जैसी’’ सुरक्षा मौजूदगी होगी, लेकिन यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ दोपहर की बैठक में इससे जुड़े सभी विवरणों पर चर्चा की जाएगी।
- ट्रंप ने कहा, ‘‘वे सुरक्षा देना चाहते हैं और वे इसके लिए बहुत दृढ़ हैं तथा हम इसमें उनकी मदद करेंगे।... मुझे लगता है कि यह समझौता करना बहुत जरूरी है।’’
- ट्रंप ने जेलेंस्की, पुतिन और ट्रंप के बीच संभावित त्रिपक्षीय वार्ता का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अगर आज सब ठीक रहा तो हम त्रिपक्षीय वार्ता करेंगे।...हम रूस के साथ काम करेंगे, हम यूक्रेन के साथ काम करेंगे।’’
- जेलेंस्की ने भी त्रिपक्षीय वार्ता के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि राष्ट्रपति (ट्रंप) ने कहा है, हम त्रिपक्षीय वार्ता के लिए तैयार हैं।... यह त्रिपक्षीय वार्ता को लेकर एक अच्छा संकेत है। मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा है।’’
महत्वपूण है यह बैठक
यूरोपीय नेता एक समूह में अमेरिका पहुंच कर, जेलेंस्की की फरवरी में ओवल ऑफिस (अमेरिकी राष्ट्रपति का कार्यालय) में हुई बैठक जैसी किसी भी विफलता से बचने की उम्मीद कर रहे हैं, जब ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य सहायता के लिए पर्याप्त आभार नहीं जताने के लिए उन्हें फटकार लगाई थी। यह बैठक अमेरिका के अपने सबसे करीबी सहयोगियों के साथ संबंधों की भी परीक्षा है, क्योंकि यूरोपीय संघ और ब्रिटेन ने ट्रंप द्वारा शुल्क बढ़ाये जाने को आंशिक रूप से इसलिए स्वीकार किया था कि वे यूक्रेन पर उनका समर्थन चाहते थे।
