दुनिया

फिर विवाद में टाइगर वुड्स, फ्लोरिडा में शराब पीकर गाड़ी चलाने के शक में गिरफ्तार, ट्रंप बोले-सुनकर बुरा लगा

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वुड्स की कार ने एक दूसरी गाड़ी को टक्कर मार दी और उनकी लैंड रोवर पलट गई। यह दुर्घटना उनके घर के पास जुपिटर आइलैंड इलाके में हुई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में वुड्स को कोई चोट नहीं आई।

Image

मशहूर गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स गिरफ्तार।

Photo : AP

Tiger Woods arrested : अमेरिका के मशहूर गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। फ्लोरिडा में उन्हें शराब पीकर गाड़ी चलाने (DUI) के शक में गिरफ्तार किया गया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वुड्स की कार ने एक दूसरी गाड़ी को टक्कर मार दी और उनकी लैंड रोवर पलट गई। यह दुर्घटना उनके घर के पास जुपिटर आइलैंड इलाके में हुई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में वुड्स को कोई चोट नहीं आई। इस हादसे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी है।

वुड्स मेरे करीबी मित्र-ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि 'उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली है और उन्हें यह सुनकर बुरा लग रहा है। वुड्स को कुछ परेशानी हुई है। मुझे बस इतना पता है कि एक घटना हुई है। वुड्स मेरे करीबी मित्र हैं। वह शानदार व्यक्ति हैं लेकिन कुछ परेशानी में आ गए हैं।' ट्रंप से यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें चोट लगी है। इस सवाल के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है और वह इस बारे में बात नहीं करना चाहते

ब्रीथएनालाइजर टेस्ट में शराब का कोई अंश नहीं मिला

रिपोर्ट के मुताबिक शेरिफ जॉन बुडेनसेक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 15 बार के मेजर चैंपियन तेज रफ्तार में एक ट्रेलर खींच रहे वर्क ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे, तभी उनकी कार पीछे से उससे टकरा गई, जिससे उनकी गाड़ी पलटकर ड्राइवर साइड पर जा गिरी। 50 वर्षीय वुड्स कानून-व्यवस्था के अधिकारी पहुंचने से पहले ही पैसेंजर दरवाजे से बाहर निकल आए थे। मार्टीन काउंटी जेल में किए गए ब्रीथएनालाइजर टेस्ट में शराब का कोई अंश नहीं मिला, लेकिन जांचकर्ताओं का मानना है कि उनकी हालत ड्रग्स या दवाइयों के कारण प्रभावित थी।

कम से कम 8 घंटे जेल में रहना होगा

वुड्स ने यूरिन टेस्ट कराने से इनकार कर दिया, जो फ्लोरिडा के कानून के तहत एक अलग अपराध माना जाता है। इस हादसे में न तो वुड्स और न ही दूसरे वाहन के ड्राइवर को कोई चोट आई। वुड्स पर DUI (नशे में ड्राइविंग), संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और वैध जांच से इनकार करने जैसे आरोप लगाए गए हैं, जो सभी मामूली (मिस्डीमीनर) अपराध हैं। फ्लोरिडा कानून के अनुसार, उन्हें जमानत पर रिहा होने से पहले कम से कम 8 घंटे जेल में रहना होगा।

वुड्स पर दूसरी बार DUI का मामला दर्ज

यह दूसरी बार है जब वुड्स पर DUI का मामला दर्ज हुआ है। इससे पहले 2017 में जुपिटर, फ्लोरिडा में उन्हें गिरफ्तार किया गया था, जहां बाद में उन्होंने लापरवाही से गाड़ी चलाने का दोष स्वीकार किया था। इसके अलावा, फरवरी 2021 में भी वुड्स एक गंभीर कार दुर्घटना का शिकार हुए थे, जिसमें उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गए थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article