दुनिया

100-200 नहीं मेरे पास हजारों आत्मघाती हमलावर! बता दूं तो हिल जाएगी दुनिया; मसूद अजहर के ऑडियो से सनसनी

भारत द्वारा मई में जैश के कई ठिकानों पर की गई कार्रवाई और संगठन और परिवार के कई सदस्यों की मौत के महीनों बाद ये ऑडियो सामने आया है। इससे पहले जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक रैली में कहा था कि 7 मई को जब भारत ने बहावलपुर पर हमला किया था, तो मसूद का परिवार रेजा-रेजा, यानी कि टुकड़ों-टुकड़ों में बंट गया था।

जैश का चीफ मसूद अजहर

जैश का चीफ मसूद अजहर

प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के प्रमुख मसूद अजहर की कथित एक नई ऑडियो रिकॉर्डिंग ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। इंटरनेट पर वायरल इस वीडियो ने लोगों में आक्रोश भर दिया है। इस भयावह ऑडियो में कुख्यात आतंकवादी ने भारत में घुसपैठ करने और आतंकी हमले करने के लिए हजारों आत्मघाती हमलावरों के तैयार रहने का दावा किया है। गौरतलब है कि मसूद अजहर संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित आतंकवादी है और लंबे समय से पाकिस्तान की धरती से भारत के खिलाफ आतंकी हमलों की साजिश रच रहा है और जहर उगल रहा है। वायरल हो चुकी इस ऑडियो क्लिप में मसूद अजहर को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि एक हजार से अधिक आत्मघाती हमलावर किसी भी समय हमला करने के लिए तैयार हैं, जिनका मुख्य लक्ष्य भारत है।

आतंकी ने यह भी दावा किया है कि अगर वह बमवर्षकों की वास्तविक संख्या का खुलासा करता है, तो इससे वैश्विक समुदाय सदमे में आ जाएगा। ऑडियो में मसूद अजहर को ये कहते हुए सुना जा सकता है कि ये (आत्मघाती हमलावर) एक नहीं, दो नहीं, 100 नहीं, ये 1,000 भी नहीं, अगर पूरी संख्या बता दूं, तो कल दुनिया की मीडिया में हंगामा मच जाएगा। वह आगे कहता है कि उसके योद्धा जीवन के भौतिक सुख-सुविधाओं से प्रेरित नहीं हैं और अपने लक्ष्यों की पूर्ति के लिए शहादत देने को तैयार हैं।

ऑडियो में अजब-गजब बातें

मसूद अजहर ने इस ऑडियो में शहादत का जिक्र करते हुए कहता है कि उसके आतंकी न किसी सांसारिक सुविधा की मांग करते हैं और न ही किसी निजी फायदे की। ऑडियो संदेश में आतंकी की बौखलाहट साफ दिख रही है। इसमें बीवी, आईफोन, कर्जे, मोटरसाइकिल जैसी अजब-गजब बातें हैं। मसूद अजहर ऑडियो क्लिप में बोल रहा है कि इस मजमे में अल्लाह के वो फिदायीन मौजूद हैं जो रात के तीन बजे उठ के सिर्फ अल्लाह से शहादत मांगते हैं। न ये कहते हैं कि कर्जे उतर जाएं, न ये कहते हैं कि बीवी मिल जाए, न ये कहते हैं कि मकान मिल जाए, न ये कहते हैं कि दुकान मिल जाए, न ये कहते हैं कि बच्चे आज्ञाकारी बन जाएं, न ये कहते हैं कि यूरोप का वीजा मिल जाए, न ये कहते हैं कि अमरीका का वीजा मिल जाए, न ये अल्लाह से गाड़ी मांगते हैं, न नई-नई तर्ज की मोटरसाइकिल मांगते हैं, न अल्लाह ताला से आईफोन मांगते हैं। ये बस अल्लाह से कहते हैं कि शहादत दे दे। हम अमीर के दिल में डाल दे, मुझे पहले नंबर पर कर दे, मुझे आगे कर दे।

मई में जैश के ठिकानों पर भारतीय कार्रवाई के बाद पहला ऑडियो

गौरतलब है कि भारत द्वारा मई में जैश के कई ठिकानों पर की गई कार्रवाई और संगठन और परिवार के कई सदस्यों की मौत के महीनों बाद ये ऑडियो सामने आया है। इससे पहले जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक रैली में कहा था कि 7 मई को जब भारत ने बहावलपुर पर हमला किया था, तो मसूद का परिवार रेजा-रेजा, यानी कि टुकड़ों-टुकड़ों में बंट गया था। ऐसे में रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिर्फ मसूद अजहर की हताशा दिखा रहा है। ऐसा करके वह अपने गुर्गों का हौंसला बुलंद करना चाहता है इसके सिवाय यह ऑडियो और कुछ नहीं है।

2001 के संसद हमले और 2008 के मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है मसूद

हालांकि ऑडियो रिकॉर्डिंग की तारीख और प्रामाणिकता की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। यह पहली बार नहीं है जब अजहर ने भारत में आतंक फैलाने के अपने घिनौने और दुष्ट इरादों को स्पष्ट किया है। वह 2001 के संसद हमले और 2008 के मुंबई हमलों सहित कई आतंकी हमलों की साजिश रचने का मुख्य आरोपी है।
शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article